गोल्फ ग्राउंड में सर्वधर्म सामूहिक विवाह का 12वां वर्ष, धूमधाम से बंधे नवयुगल परिणय सूत्र में
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!धनबाद:
सर्वधर्म सामूहिक विवाह सभा के तत्वावधान में रविवार को गोल्फ ग्राउंड में सामूहिक विवाह समारोह का भव्य आयोजन किया गया। यह आयोजन अपने 12वें वर्ष में प्रवेश कर चुका है। इस अवसर पर दर्जनों नवयुगल नए जीवन की शुरुआत करते हुए परिणय सूत्र में बंधे। उन्हें आशीर्वाद देने के लिए पूरा धनबाद उमड़ पड़ा।

सुबह करीब 11 बजे गोल्फ ग्राउंड से प्रदूषण-मुक्त टोटो पर सजी-धजी बारात बैंड-बाजा के साथ निकाली गई। बारात रणधीर वर्मा चौक होते हुए पुनः गोल्फ ग्राउंड पहुँची, जहाँ परंपरागत समधी मिलन की रस्म निभाई गई। इसके बाद महिला विंग की सदस्यों ने नवविवाहित जोड़ों की आरती की और फिर जयमाला की रस्म संपन्न हुई।

कार्यक्रम में मुख्य रूप से
पूर्व मेयर चंद्रशेखर अग्रवाल,
समाजसेवी कुंभनाथ सिंह,
झारखंड किन्नर कल्याण समिति की अध्यक्ष सुनैना सिंह किन्नर,
भाजपा नेता अमरेश सिंह शामिल रहे।

समिति के अध्यक्ष प्रदीप सिंह ने कहा कि समाज को बेटियों को बोझ समझने की सोच छोड़नी चाहिए। बेटियाँ बेटियाँ होती हैं, चाहे किसी की भी हों। उन्होंने बताया कि इस वर्ष जिले की 42 संस्थाओं ने इस सामूहिक विवाह को सफल बनाने में सहयोग किया है। साथ ही समाज से दहेज-मुक्त विवाह अपनाने की अपील की गई।

समाजसेवी दिलीप सिंह ने कहा कि युवा वर्ग इस नेक कार्य में अध्यक्ष प्रदीप सिंह के साथ मजबूती से खड़ा है और यह मंच हर वर्ष गरीब कन्याओं का उनके रीति-रिवाजों के अनुसार विवाह-निकाह कराता रहेगा।
टोटो से निकली बारात बनी आकर्षण का केंद्र
पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए बारात टोटो से निकाली गई, जिसकी पूरी जिम्मेदारी नौजवान कमेटी को सौंपी गई थी। डीजे, बैंड-बाजा और बारातियों के साथ नागिन गीत पर झूमते लोग समारोह का मुख्य आकर्षण बने।
दस हजार लोगों के लिए भोजन की व्यवस्था
सर्वधर्म सामूहिक विवाह समिति की ओर से वर-वधु पक्ष एवं अतिथियों के लिए करीब 10 हजार लोगों के भोजन की व्यवस्था की गई थी। इसके अलावा नौजवान कमेटी द्वारा पानी और कॉफी की भी विशेष व्यवस्था की गई।
गीत-संगीत ने बांधा समां
समारोह में मनोरंजन के लिए गीत-संगीत का भी आयोजन किया गया। बच्चों और कलाकारों ने फिल्मी व लोकप्रचलित वैवाहिक गीतों पर शानदार प्रस्तुतियाँ दीं, जिससे पूरा माहौल उल्लास और उमंग से भर गया।