बोकारो तनिष्क शोरूम लूटकांड का खुलासा, बिहार से आए दो युवक गिरफ्तार

बोकारो तनिष्क शोरूम लूटकांड का खुलासा, बिहार से आए दो युवक गिरफ्तार

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

बोकारो के सिटी सेंटर स्थित तनिष्क शोरूम में दिनदहाड़े पिस्तौल की नोक पर लूट के प्रयास के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस वारदात को अंजाम देने के लिए बिहार से आए दो युवकों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
बोकारो के पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह ने सोमवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि 11 जनवरी 2026 को सेक्टर-04 थाना क्षेत्र अंतर्गत सिटी सेंटर मार्केट में स्थित तनिष्क शोरूम में हथियार के बल पर लूट का प्रयास किया गया था।
इस मामले में 12 जनवरी 2026 को सेक्टर-04 थाना में कांड संख्या 02/2026 दर्ज किया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए सिटी डीएसपी आलोक रंजन के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया।
टीम ने तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर 02 फरवरी 2026 को बिहार के बेगूसराय जिले से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 20 वर्षीय प्रिंस कुमार और 24 वर्षीय मोहम्मद शमशाद के रूप में हुई है। दोनों बेगूसराय जिले के चेरिया बरियारपुर थाना क्षेत्र के निवासी हैं।
पुलिस ने इनके पास से एक पिस्टल और पांच जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं। पूछताछ के दौरान दोनों ने इस कांड में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है।
एसपी हरविंदर सिंह ने बताया कि प्रिंस कुमार के खिलाफ पहले से चेरिया बरियारपुर थाना में आपराधिक मामला दर्ज है, जबकि मोहम्मद शमशाद पर पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी थाना क्षेत्र में तनिष्क शोरूम लूट का मामला दर्ज है।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पूछताछ और SIT की कार्रवाई के आधार पर इस कांड में शामिल अन्य आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में सिटी डीएसपी आलोक रंजन, सेक्टर-04 थाना प्रभारी संजय कुमार, सिटी थाना प्रभारी सुदामा कुमार दास सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी मौजूद थे।

About Author

error: Content is protected !!