गिरिडीह: गिरिडीह जिले के धनवार चौक स्थित यूको बैंक में दिनदहाड़े हुई करीब 5 करोड़ रुपये के सोने और 11 लाख 50 हजार रुपये नकद की डकैती मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अपराधियों के पास से एक लोडेड पिस्टल, एक देसी कट्टा, सात जिंदा कारतूस, घटना में इस्तेमाल की गई स्कॉर्पियो और दो अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की गई हैं।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
इस संबंध में गिरिडीह के एसपी डॉ. बिमल कुमार ने प्रेसवार्ता कर पूरे मामले का खुलासा किया।
एसपी ने बताया कि बीते 5 नवंबर 2026 को दोपहर करीब 1:30 बजे पांच अपराधियों ने धनवार चौक स्थित यूको बैंक में घुसकर हथियार के बल पर बैंक के लॉकर से करीब 5 करोड़ रुपये मूल्य के सोने के पैकेट और 11 लाख 50 हजार रुपये नकद लूट लिए थे। इस मामले में धनवार थाना कांड संख्या 288/2026 दर्ज किया गया था।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने पांच विशेष अनुसंधान दल (SIT) का गठन किया। एसआईटी की टीम ने सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ विभिन्न इलाकों में नाकेबंदी कर अपराधियों का पीछा शुरू किया।
पुलिस के अनुसार, घटना को अंजाम देने के बाद मोटरसाइकिल से भाग रहे अपराधियों का जमुआ थाना क्षेत्र के बरदबटिया गांव के पास पीछा किया गया। इसी दौरान सड़क पर बड़े गड्ढे के कारण अपराधियों की मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर गिर गई। इसके बाद अपराधी बाइक छोड़कर जंगल की ओर भाग निकले।
पुलिस ने जंगल की घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया। इसी दौरान मो. रिजवान को गिरफ्तार किया गया। उसकी निशानदेही पर झाड़ियों में छिपाकर रखा गया एक लोडेड पिस्टल और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
रिजवान से पूछताछ के आधार पर पुलिस ने छापेमारी तेज की। इस दौरान बेंगाबाद थाना क्षेत्र के बदवारा जंगल से सुल्तान अली उर्फ रॉकी को एक देसी कट्टा के साथ गिरफ्तार किया गया। वहीं आयूष पाण्डेय को चार जिंदा कारतूस और वारदात में इस्तेमाल की गई अपाचे मोटरसाइकिल के साथ पकड़ा गया। दोनों की निशानदेही पर पुलिस ने बेंगाबाद थाना क्षेत्र से घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन भी जब्त किया।
तीनों गिरफ्तार आरोपियों की पहचान
- मो. रिजवान, पिता हयात अली, निवासी संतसंग सुरा तिलवाना, थाना नगर, जिला देवघर।
- सुल्तान अली उर्फ रॉकी, पिता मो. सब्बीर हुसैन, निवासी चपुआडीह, थाना बेंगाबाद, जिला गिरिडीह।
- आयूष पाण्डेय, पिता स्व. जयकांत पाण्डेय, निवासी गुल्ली पाथर, पोस्ट सतसंग, थाना नगर, जिला देवघर।
पुलिस ने क्या-क्या किया बरामद?
- एक पिस्टल, जिस पर MADE IN USA लिखा हुआ है।
- एक देसी कट्टा।
- सात जिंदा कारतूस।
- एक स्कॉर्पियो वाहन, रजिस्ट्रेशन नंबर JH11AB-6214।
- एक सादा रंग की अपाचे मोटरसाइकिल, नंबर JH11BS-9796।
- एक ग्रे रंग की अपाचे मोटरसाइकिल, नंबर JH02BE-6937।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार मो. रिजवान के खिलाफ मधुपुर थाना में कांड संख्या 265/2024 तथा सुल्तान अली उर्फ रॉकी के खिलाफ मधुपुर थाना में कांड संख्या 157/2025 पहले से दर्ज है।
एसपी ने बताया कि डकैती में लूटी गई नकदी और सोने की बरामदगी के साथ-साथ घटना में शामिल अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। इसके लिए तीन अतिरिक्त विशेष अनुसंधान दल (SIT) का भी गठन किया गया है।
एसआईटी टीम में ये अधिकारी थे शामिल
इस कार्रवाई में एसडीपीओ सदर जीतवाहन, एसडीपीओ सरिया-बगोदर धनंजय, एसडीपीओ खोरीमहुआ अमरेन्द्र कुमार, डीएसपी आर.के. राणा, इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार दास, ज्ञान रंजन कुमार, बमबम कुमार, रोहित कुमार महतो समेत एसआईटी के अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।
पुलिस की इस कार्रवाई को धनवार बैंक डकैती कांड के उद्भेदन की दिशा में बड़ी सफलता माना जा रहा है। हालांकि, लूटे गए सोने और नकदी की बरामदगी तथा फरार अपराधियों की गिरफ्तारी अभी बाकी है।
खबरे पसंद आये तो चैनल को Follow, Like and Share कर हमारी मुहिम को मजबूत बनाएं।
