लोयाबाद में आजसू पार्टी का संवाददाता सम्मेलन बीसीसीएल प्रबंधन पर पर्यावरण और जनहित की अनदेखी का आरोप

लोयाबाद में आजसू पार्टी का संवाददाता सम्मेलन
बीसीसीएल प्रबंधन पर पर्यावरण और जनहित की अनदेखी का आरोप

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

धनबाद : लोयाबाद स्थित आवासीय कार्यालय में आजसू पार्टी धनबाद जिला अध्यक्ष मंटू महतो ने क्षेत्र के प्रबुद्ध नागरिकों के साथ एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने बीसीसीएल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि प्रबंधन संवैधानिक नियमों और कानूनों को दरकिनार कर जनहित के विरुद्ध कार्य कर रहा है, जिससे क्षेत्र में व्यापक पर्यावरण प्रदूषण फैल रहा है।
मंटू महतो ने कहा कि वन और जंगलों को अवैध तरीके से नष्ट किया जा रहा है, जिससे ऑक्सीजन की मात्रा में कमी आएगी। साथ ही भारी ब्लास्टिंग, ओबी डंप और खनन परिवहन के कारण भू-धंसान, भूमिगत आग और कार्बन डाइऑक्साइड (CO₂) जैसी खतरनाक गैसों की मात्रा हवा में बढ़ रही है, जो आम लोगों के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बन चुकी है।
उन्होंने आरोप लगाया कि आउटसोर्सिंग कंपनियां माइनिंग नियमों की खुलेआम अनदेखी कर रही हैं। क्षेत्र की जनता को अमानवीय परिस्थितियों में जीवन जीने के लिए मजबूर किया जा रहा है, जहां बीमारी और असमय मौत का भय बना हुआ है।
संवैधानिक संस्थाओं की चुप्पी पर सवाल
मंटू महतो ने कहा कि अखबारों और सोशल मीडिया पर लगातार घटनाएं सामने आने के बावजूद मानवाधिकार आयोग, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और एनजीटी द्वारा अब तक कोई ठोस संज्ञान नहीं लिया गया है। जनप्रतिनिधियों से लेकर अधिकारी और संबंधित संवैधानिक संस्थाएं पूरी तरह संवेदनहीन बनी हुई हैं।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि बीसीसीएल प्रबंधन जानबूझकर झूठी और भ्रामक घटनाओं का प्रचार करवा रहा है, ताकि लोग बिना पुनर्वास और मुआवज़े के क्षेत्र से पलायन कर जाएं और कंपनियां बिना रोक-टोक खनन कार्य जारी रख सकें।
CO गैस फैलने की अफवाह, लोगों को डराने की साजिश
मंटू महतो ने कहा कि कनकनी, सेंद्रा और बीसीसीएल क्षेत्र संख्या-5 में कार्बन मोनोऑक्साइड (CO) गैस फैलने की अफवाह फैलाई जा रही है, जिसकी अब तक किसी ने आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। इसका उद्देश्य केवल लोगों को भयभीत कर क्षेत्र से पलायन के लिए मजबूर करना है।
उन्होंने कहा कि धूल, प्रदूषण और पर्यावरण नियंत्रण को लेकर कोई ठोस उपाय नहीं किए जा रहे हैं। संस्थानों की उदासीनता के कारण क्षेत्र में आक्रोश लगातार बढ़ रहा है और स्थिति अब “करो या मरो” जैसी बन गई है।
आंदोलन की चेतावनी और कार्यक्रम की घोषणा
मंटू महतो ने बताया कि इस पूरे मामले को लेकर उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार के संबंधित मंत्रियों, अधिकारियों और संवैधानिक संस्थाओं को लिखित रूप से अवगत करा दिया है।
उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील करते हुए कहा कि डरने की जरूरत नहीं है, बल्कि अब स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार, रोटी, कपड़ा और मकान जैसे मौलिक अधिकारों के लिए संगठित होकर सड़क पर उतरना होगा।
इसी क्रम में उन्होंने नागरिक सुरक्षा मंच द्वारा आयोजित
26 दिसंबर 2025 को रणधीर वर्मा चौक पर धरना
19 जनवरी 2026 को डीजीएमएस कार्यालय घेराव
कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की।

About Author

error: Content is protected !!