गोपालगंज पुलिस को बड़ी सफलता, थावे मंदिर चोरी कांड का खुलासा
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
गोपालगंज : जिले के प्रसिद्ध माँ थावे भवानी दुर्गा मंदिर में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने सफलतापूर्वक उद्भेदन कर लिया है। इस मामले में पुलिस ने उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले के जमुनिया थाना क्षेत्र निवासी शातिर चोर दीपक राय को गिरफ्तार किया है।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी दीपक राय ने गूगल और यूट्यूब के माध्यम से मंदिर की रेकी की थी। आरोपी हाल ही में 13 नवंबर को जेल से रिहा हुआ था और इसके बाद उसने 17–18 दिसंबर की रात चोरी की इस वारदात को अंजाम दिया।
चोरी में इस्तेमाल औजार व सामान बरामद

पुलिस ने आरोपी के पास से चोरी में प्रयुक्त कटर, मोबाइल फोन, जैकेट सहित अन्य सामान बरामद किया है। हालांकि, माँ थावे भवानी का चोरी किया गया मुकुट और हार अब तक बरामद नहीं हो सका है, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
एसआईटी टीम की अहम भूमिका
इस पूरे मामले में सदर एसडीपीओ प्रांजल के नेतृत्व में गठित एसआईटी टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस अधीक्षक अवधेश दीक्षित ने बताया कि तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और लगातार छापेमारी के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस टीम ने थावे मंदिर पहुंचकर घटनास्थल का गहन निरीक्षण भी किया और कई विशेष टीमों को अलग-अलग दिशाओं में छापेमारी के लिए लगाया गया है।
पूरी तरह हुआ चोरी कांड का पर्दाफाश
पुलिस के अनुसार, 17–18 दिसंबर की रात हुई चोरी की घटना का पूरी तरह से खुलासा कर लिया गया है और शेष आभूषणों की बरामदगी के लिए कार्रवाई जारी है।
गोपालगंज पुलिस की इस कार्रवाई को बड़ी कामयाबी माना जा रहा है।