कोयला अवैध कारोबार पर ईडी की बड़ी कार्रवाई, धनबाद में तीन कारोबारियों के ठिकानों पर छापेमारी

 

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

धनबाद।

कोयला के अवैध कारोबार और उससे जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने धनबाद में बड़ी कार्रवाई की है। ईडी की टीम ने शहर में कम से कम तीन कोयला कारोबारियों के ठिकानों पर एक साथ छापेमारी शुरू की है।

ईडी की कार्रवाई जिन कारोबारियों के खिलाफ की जा रही है, उनमें डेको आउटसोर्सिंग कंपनी के संचालक मनोज अग्रवाल, सुधीर चौटाला और इंद्रराज भदौरिया शामिल हैं। बताया जा रहा है कि मनोज अग्रवाल डेको आउटसोर्सिंग कंपनी के संचालक होने के साथ-साथ कोयला ट्रांसपोर्टिंग का भी कार्य करते हैं। ईडी की यह कार्रवाई कोयला के अवैध कारोबार से अर्जित धन के मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े मामलों में की जा रही है।

सूत्रों के अनुसार, ईडी की टीम संबंधित कारोबारियों के आवासीय और व्यावसायिक परिसरों की गहन जांच कर रही है। दस्तावेजों, डिजिटल साक्ष्यों और लेन-देन से जुड़े रिकॉर्ड की भी बारीकी से पड़ताल की जा रही है।

 

गौरतलब है कि इससे पहले 21 नवंबर को भी ईडी ने कोयला कारोबारी दीपक पोद्दार समेत अन्य कारोबारियों के घर और कार्यालयों पर छापेमारी की थी। उस कार्रवाई में कोलकाता स्थित ईडी की टीम भी शामिल थी, जो पश्चिम बंगाल के कई ठिकानों पर समानांतर जांच कर रही थी।

 

उस छापेमारी के दौरान कई करोड़ रुपये की नकदी और चल-अचल संपत्तियों का पता चला था। जांच में यह भी सामने आया था कि इंद्रराज भदौरिया, सुधीर चौटाला और मनोज अग्रवाल का अवैध कोयला कारोबार से सीधा संबंध रहा है। इन्हीं तथ्यों के आधार पर ईडी ने अब इनके खिलाफ भी कार्रवाई तेज कर दी है।

ईडी की इस कार्रवाई से कोयलांचल में हड़कंप मच गया है और आने वाले दिनों में और बड़े खुलासों की संभावना जताई जा रही है।

— कोयलांचल क्राइम न्यूज की रिपोर्ट

About Author

error: Content is protected !!