धनबाद में ‘मोंथा’ चक्रवात का असर शुरू, डीसी ने विभागों को किया अलर्ट – जानें क्या दिए गए हैं विशेष निर्देश
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!धनबाद : बंगाल की खाड़ी में विकसित हो रहा ‘मोंथा’ चक्रवात अब झारखंड की ओर बढ़ रहा है। मंगलवार शाम से ही इसका असर कोयलांचल में देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, 31 अक्टूबर तक इसका प्रभाव राज्य के कई हिस्सों में रहेगा। इसको देखते हुए धनबाद जिला प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है।
उपायुक्त आदित्य रंजन ने सभी संबंधित विभागों को अलर्ट पर रहने और आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि ‘मोंथा’ एक ट्रॉपिकल तूफान के रूप में तेजी से सक्रिय हो रहा है और आने वाले दिनों में यह गंभीर चक्रवाती तूफान का रूप ले सकता है।
झारखंड के दक्षिणी और मध्य हिस्सों में असर
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि इसके प्रभाव से झारखंड के दक्षिणी और मध्य क्षेत्रों में तेज हवाएँ, भारी वर्षा और वज्रपात की संभावना है। उपायुक्त ने इस संबंध में कई अहम निर्देश जारी किए हैं
आपदा प्रबंधन पदाधिकारी को एनडीआरएफ/एसडीआरएफ टीमों को तैयार स्थिति में रखने का आदेश।
नगर आयुक्त, बीडीओ, अंचल अधिकारी एवं नगर परिषदों को निचले और जलभराव वाले इलाकों की पहचान कर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित करने की योजना तैयार करने का निर्देश।
सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने और आकस्मिक सेवाओं को सक्रिय रखने के निर्देश।
बिजली, स्वास्थ्य और संचार व्यवस्था को दुरुस्त और निरंतर बनाए रखने पर जोर।
थाना प्रभारियों और अंचल अधिकारियों को चौबीसों घंटे निगरानी और त्वरित रेस्पॉन्स सुनिश्चित करने को कहा गया।
जन-जागरूकता पर विशेष बल
उपायुक्त ने जिला जनसंपर्क पदाधिकारी को निर्देशित किया है कि वे जन-जागरूकता अभियान चलाएँ ताकि लोग अफवाहों से दूर रहें और प्रशासनिक निर्देशों का पालन करें।
प्रशासन ने अपील की है कि नागरिक सतर्क रहें, अनावश्यक यात्रा से बचें और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल जिला नियंत्रण कक्ष से संपर्क करें।