आदिवासी अस्तित्व बचाओ रैली: धनबाद में हजारों आदिवासियों का प्रदर्शन, कुड़मी जाति को एसटी दर्जा देने का किया विरोध
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
धनबाद:
धनबाद के गोल्फ ग्राउंड से सोमवार को “आदिवासी अस्तित्व बचाओ रैली” निकाली गई। इस रैली में जिले भर से हजारों की संख्या में आदिवासी समुदाय के लोग शामिल हुए। रैली गोल्फ ग्राउंड से निकलकर उपायुक्त कार्यालय तक पहुँची, जहाँ प्रतिभागियों ने अपनी मांगों को लेकर जोरदार नारेबाजी की।

रैली में आदिवासी समाज के पुरुष, महिलाएँ और युवा पारंपरिक पोशाकों में नजर आए। हाथों में तीर-धनुष, ढोल-नगाड़ा और बैनर-पोस्टर लिए प्रदर्शनकारियों ने “कुड़मी आदिवासी नहीं चलेगा” जैसे नारे लगाए।
आदिवासी नेताओं का कहना है कि कुड़मी जाति खुद को आदिवासी समुदाय में शामिल करने की मांग कर रही है, लेकिन इससे मूल आदिवासी समाज की पहचान और अधिकार प्रभावित होंगे।

आदिवासी नेता रतीलाल टुडू ने कहा,
“हम लोग स्पष्ट रूप से कहना चाहते हैं कि कुड़मी जाति को किसी भी हाल में अनुसूचित जनजाति का दर्जा नहीं दिया जाना चाहिए। हमारा यह आंदोलन अपने अस्तित्व और अस्मिता की रक्षा के लिए है।”
रैली के दौरान पूरे रास्ते में पुलिस की चाक-चौबंद व्यवस्था रही ताकि किसी भी तरह की अव्यवस्था न हो। शांतिपूर्ण माहौल में आदिवासी समुदाय ने अपनी एकजुटता और आवाज़ का प्रदर्शन किया।