खूंटी में डबल मर्डर से सनसनी: छऊ नृत्य देखकर लौट रहे दो नाबालिगों की टांगी से काटकर हत्या

 

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

खूंटी जिले के सोयको थाना क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक और सनसनीखेज मामला सामने आया है। मॉडल विलेज जिवरी में अज्ञात अपराधियों ने दो नाबालिग युवक-युवती की टांगी से काटकर निर्मम हत्या कर दी। हत्या के बाद साक्ष्य मिटाने की नीयत से दोनों शवों को मारंगबुरु पहाड़ की तलहटी में फेंक दिया गया। सोमवार को पुलिस ने दोनों शव बरामद कर इलाके में जांच तेज कर दी है।

मृतकों की पहचान बिसु पाहन और सुमी मुंडू के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि रविवार रात सोयको थाना क्षेत्र में आयोजित छऊ नृत्य कार्यक्रम देखने दोनों पहुंचे थे। इसी दौरान बिसु पाहन का कुछ स्थानीय युवकों से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि आरोपी हिंसक हो उठे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद के बाद आरोपी दोनों को जबरन पकड़कर कार्यक्रम स्थल के पास स्थित एक सुनसान खेत में ले गए। वहां धारदार हथियार टांगी से दोनों पर ताबड़तोड़ हमला किया गया। हमला इतना बेरहम था कि दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी शवों को उठाकर मारंगबुरु पहाड़ की तलहटी में फेंककर फरार हो गए, ताकि घटना का कोई सबूत न मिल सके। सोमवार सुबह स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में पुरानी रंजिश और विवाद को हत्या की वजह माना जा रहा है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा कर रही है।

About Author

error: Content is protected !!