पांच साल पहले जब्त बाइक की जानकारी छिपाना नगर थाना प्रभारी को पड़ा भारी, निलंबित

 

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

दुमका। पांच साल पहले जब्त की गई बाइक के मामले में झारखंड हाईकोर्ट को सही जानकारी नहीं देना दुमका नगर थाना प्रभारी अशोक राम को भारी पड़ गया। मामले में लापरवाही बरतने के आरोप में दुमका एसपी पीतांबर सिंह खेरवार की अनुशंसा पर संथाल परगना क्षेत्र के डीआईजी अंबर लकड़ा ने नगर थाना प्रभारी अशोक राम को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। उन्हें लाइन हाजिर भी किया गया है।

पांच साल पहले जब्त हुई थी बाइक

जानकारी के अनुसार, करीब पांच साल पहले नगर थाना के सामने पेट्रोल पंप के पीछे रहने वाले विमान काहली की बाइक पुलिस ने जब्त की थी। बाइक का परिवहन विभाग की ओर से चालान भी किया गया था। इसके बाद वाहन मालिक ने कोर्ट से बाइक मुक्त कराने की प्रक्रिया नहीं की।

कुछ दिन पहले विमान काहली ने अदालत में आवेदन देकर अपनी बाइक वापस दिलाने की गुहार लगाई। अदालत ने नगर थाना को बाइक की स्थिति की जानकारी लेकर रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया।

तलाश किए बिना कोर्ट को दी गलत जानकारी

आरोप है कि थाना प्रभारी अशोक राम ने बाइक की सही तरीके से तलाश कराने के बजाय कोर्ट को जानकारी दी कि संबंधित नंबर की कोई बाइक नगर थाना में मौजूद नहीं है। इसके बाद नगर थाना में पदस्थापित पुलिसकर्मियों ने बाइक की तलाश शुरू की।

तलाशी के दौरान बाइक थाना परिसर के पास ही जर्जर हालत में एक गड्ढे में पड़ी मिली। बाइक के चारों ओर झाड़ियां उग आई थीं। बाइक मिलने के बाद पुलिस ने इसकी जानकारी अदालत को दी।

कोर्ट की नाराजगी के बाद हुई कार्रवाई

एक ही मामले में पहले बाइक नहीं होने की जानकारी देने और बाद में बाइक बरामद होने पर अदालत ने नाराजगी जताई। पूरे मामले की जानकारी मिलने के बाद दुमका एसपी पीतांबर सिंह खेरवार ने नगर थाना प्रभारी के खिलाफ कार्रवाई की अनुशंसा संथाल परगना डीआईजी अंबर लकड़ा से की।

अनुशंसा के बाद डीआईजी ने नगर थाना प्रभारी अशोक राम को निलंबित कर लाइन हाजिर कर दिया।

मुफस्सिल थाना प्रभारी संभालेंगे नगर थाना का अतिरिक्त प्रभार

जब तक नगर थाना में नए थाना प्रभारी की नियुक्ति नहीं होती, तब तक मुफस्सिल थाना प्रभारी जगन्नाथ धान को नगर थाना का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।

एसपी ने कहा—लापरवाही बर्दाश्त नहीं

दुमका एसपी पीतांबर सिंह खेरवार ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए कहा कि पूरे मामले में थाना प्रभारी की लापरवाही सामने आई है। इसी आधार पर उनके खिलाफ कार्रवाई की गई है।

About Author

error: Content is protected !!