बोकारो IG एस.के. सिन्हा का धनबाद दौरा, लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन के दिए निर्देश

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

धनबाद: बोकारो प्रक्षेत्र के पुलिस उप-महानिरीक्षक (IG) एस.के. सिन्हा शनिवार को धनबाद पहुंचे। पुलिस लाइन में उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके बाद उन्होंने जिले की पुलिस व्यवस्था और कानून-व्यवस्था को लेकर अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।
बैठक में लंबित कांडों, संगठित अपराध, नक्सली गतिविधियों और पुलिस प्रशासन से जुड़े मामलों की समीक्षा की गई। IG ने कहा कि पिछले पांच महीनों में मुकदमों के निष्पादन और पुलिसिंग व्यवस्था में सुधार हुआ है।


उन्होंने दो वर्ष और 10 वर्ष से अधिक पुराने लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने का निर्देश दिया। साथ ही POCSO, NDPS, साइबर अपराध और महिला सुरक्षा से जुड़े मामलों में तेजी लाने तथा CCTNS पर लंबित मामलों की संख्या कम करने और न्यायालय में फाइनल फॉर्म जल्द जमा करने को कहा।

संगठित गिरोहों से जुड़े अपराधियों की स्थिति की भी समीक्षा की गई। फरार अपराधियों के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस की कार्रवाई और चतरा से सटे क्षेत्रों में नक्सली गतिविधियों से संबंधित इनपुट पर लगातार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।


प्रशासनिक मामलों में IG ने थानों का नियमित निरीक्षण, मालखाना प्रभार का हस्तांतरण तथा सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों के पेंशन और अनुकंपा से जुड़े मामलों का शीघ्र निपटारा करने को कहा।


वहीं, चुटुपालू घाटी में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं पर भी चिंता जताई गई। IG ने बताया कि रामगढ़ के SP, DC और NHAI की टीम मिलकर सड़क की तकनीकी कमियों को दूर करने और दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए आवश्यक सुरक्षा उपायों पर काम कर रही है।

About Author

error: Content is protected !!