रांची में अंतरजिला बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़, 7 शातिर गिरफ्तार, 12 बाइक बरामद
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!रांची पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। नामकुम थाना पुलिस ने अंतरजिला मोटरसाइकिल चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी की 12 मोटरसाइकिलें और 6 मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
पुलिस को गुप्त सूचना मिलने के बाद वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने सिदरौल जोड़ा मंदिर के पास वाहन जांच अभियान चलाया, जहां अभय सिंह को चोरी की अपाची बाइक के साथ पकड़ा गया। पूछताछ में उसने खुलासा किया कि बाइक का नंबर बदलने के लिए उसे वसीम ओहदार के पास ले जाया जा रहा था।
अभय की निशानदेही पर पुलिस ने गिरोह के सरगना वसीम आलम उर्फ वसीम ओहदार समेत उसके अन्य सहयोगियों दानिश आलम, शरीफ खान, नसीम अंसारी, तौहिर अंसारी और मोईन खान को गिरफ्तार कर लिया।
जांच में सामने आया कि यह गिरोह हाट-बाजार और भीड़भाड़ वाले इलाकों से बाइक चोरी करता था। इसके बाद वाहनों के नंबर प्लेट बदलकर फर्जी कागजात तैयार किए जाते थे और अलग-अलग जिलों में उन्हें बेच दिया जाता था।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में अभय सिंह और वसीम आलम का पहले से आपराधिक रिकॉर्ड भी रहा है। मामले में ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी ने बताया कि सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।