चीरागोड़ा श्मशान रोड के पास 42 वर्षीय व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
#धनबाद : धनबाद सदर थाना क्षेत्र के चीरागोड़ा श्मशान रोड स्थित मैदान में 42 वर्षीय राजेश चन्द्र वंशी का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक हीरापुर हटिया मोड़ पर मोबाइल डाउनलोडिंग की दुकान चलाता था।
बताया जा रहा है कि राजेश बीती रात दुकान बंद करने के बाद घर नहीं पहुंचे। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। मंगलवार सुबह स्थानीय लोगों ने मैदान में एक शव पड़ा देखा, जिसकी पहचान राजेश चन्द्र वंशी के रूप में हुई।
घटना के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। परिजनों का आरोप है कि सूद में पैसों के लेन-देन को लेकर गौतम नामक व्यक्ति से सोमवार को राजेश की कहासुनी और विवाद हुआ था। इसी वजह से हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है।
सूचना मिलते ही धनबाद सदर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। वहीं आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर परिजन और स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए। कुछ देर तक लोगों ने शव उठाने का भी विरोध किया और जल्द कार्रवाई की मांग की।
पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है।