धनबाद पुलिस की हाईटेक पहल: 3 दिवसीय ड्रोन प्रशिक्षण वर्कशॉप शुरू

धनबाद: सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने की दिशा में धनबाद पुलिस ने एक अहम कदम उठाया है। सोमवार को पुलिस केंद्र में तीन दिवसीय ड्रोन प्रशिक्षण वर्कशॉप की शुरुआत की गई। कार्यक्रम का उद्घाटन एसएसपी प्रभात कुमार ने किया। इस मौके पर सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव, ग्रामीण एसपी एस.एम. याकूब, डीएसपी लॉ एंड ऑर्डर नौशाद आलम और डीएसपी ट्रैफिक अरविंद कुमार सिंह सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

इस वर्कशॉप के दौरान पुलिसकर्मियों को ड्रोन संचालन की विस्तृत ट्रेनिंग दी जा रही है। प्रशिक्षण दो चरणों में आयोजित किया गया है, जिसमें पहले सैद्धांतिक (थ्योरी) और उसके बाद व्यावहारिक (प्रैक्टिकल) सत्र शामिल हैं।

एसएसपी प्रभात कुमार ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य आपातकालीन स्थितियों में त्वरित और सटीक जानकारी प्राप्त करना है, जिससे आम जनता की सुरक्षा को और बेहतर बनाया जा सके। उन्होंने कहा कि सभी पुलिसकर्मियों को चरणबद्ध तरीके से इस तकनीक का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
पुलिस के अनुसार, ड्रोन तकनीक का उपयोग भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में निगरानी, ऊंची इमारतों पर नजर रखने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में किया जाएगा। इससे कम समय में अधिक जानकारी जुटाने में मदद मिलेगी।
वर्कशॉप के बाद फिलहाल दो ड्रोन खरीदे जाएंगे और भविष्य में ड्रोन के माध्यम से पेट्रोलिंग भी शुरू की जाएगी। अधिकारियों का मानना है कि आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल से अपराध नियंत्रण में और सुधार आएगा।