अनुचित माध्यम से परीक्षा में लाभ लेने का आरोप, पूछताछ के बाद भेजे गए जेल
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!रांची। JSSC-CGL प्रतियोगिता परीक्षा में गड़बड़ी और अभ्यर्थियों को अनुचित लाभ पहुंचाने के मामले में अपराध अनुसंधान विभाग (CID) ने बड़ी कार्रवाई की है। शनिवार को लगातार पूछताछ के बाद CID की टीम ने जमशेदपुर नगर निगम के फूड इंस्पेक्टर संजय कुमार समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
गिरफ्तार आरोपियों में गिरिडीह निवासी संजय कुमार, रामाकृष्ण कुमार तथा कोडरमा निवासी अजय कुमार शामिल हैं।
अनुचित माध्यम का इस्तेमाल कर लाभ लेने का आरोप
CID के अनुसार, गिरफ्तार किए गए अभ्यर्थियों पर JSSC-CGL परीक्षा में अनुचित माध्यमों का इस्तेमाल कर अवैध लाभ प्राप्त करने का आरोप है। मामले की जांच के दौरान CID की टीम पिछले कई दिनों से इन आरोपियों से लगातार पूछताछ कर रही थी।
पूछताछ के दौरान सामने आए तथ्यों और मिले साक्ष्यों के आधार पर CID ने तीनों को गिरफ्तार किया। इसके बाद सभी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
अब तक 36 अभ्यर्थियों की गिरफ्तारी
JSSC-CGL परीक्षा में गड़बड़ी के इस मामले में CID की कार्रवाई लगातार जारी है। विभाग के अनुसार, अब तक इस मामले में 36 अभ्यर्थियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
CID अब मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। साथ ही परीक्षा में गड़बड़ी से जुड़े अन्य संदिग्धों और उनकी भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है। जांच आगे बढ़ने के साथ इस मामले में और गिरफ्तारियां होने की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता।