Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
अभ्यर्थियों को अनुचित लाभ पहुंचाने का आरोप, दो आरोपी रिमांड पर; नेटवर्क खंगाल रही CID
रांची। JSSC-CGL प्रतियोगिता परीक्षा में अभ्यर्थियों को कथित तौर पर अनुचित लाभ पहुंचाने और परीक्षा में गड़बड़ी के मामले में अपराध अनुसंधान विभाग (CID) ने बड़ी कार्रवाई की है। CID ने मामले के नामजद मुख्य अभियुक्त मनु कुमार सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, न्यायिक हिरासत में बंद दो अन्य आरोपियों को पूछताछ के लिए रिमांड पर लिया गया है।
जानकारी के अनुसार, CID थाना कांड संख्या 01/2025 के तहत नामजद मुख्य अभियुक्त मनु कुमार सिंह पर आरोप है कि उसने JSSC-CGL परीक्षा में शामिल कई अभ्यर्थियों को गलत तरीके से अनुचित लाभ पहुंचाया। जांच में यह भी सामने आया है कि कथित तौर पर लाभ पाने वाले कुछ अभ्यर्थी परीक्षा में सफल हुए।
दो आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ
मामले में पहले से न्यायिक हिरासत में बंद कुन्दन कुमार और समीर कुमार को भी CID ने पूछताछ के लिए रिमांड पर लिया है।
रिमांड पर लिए गए आरोपियों में कुन्दन कुमार, पिता- रामलाल राम, निवासी डुमरी, पोस्ट- नावाडीह बाजार, जिला पलामू तथा समीर कुमार, पिता- स्वर्गीय प्रदीप कुमार, निवासी बेंगाबाद, जिला गिरिडीह शामिल हैं।
CID की टीम आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि परीक्षा में अनुचित लाभ पहुंचाने के पीछे कौन-कौन लोग शामिल थे और इस पूरे मामले का नेटवर्क कितना बड़ा है। जांच एजेंसी कथित तौर पर अभ्यर्थियों तक पहुंचने, उन्हें लाभ पहुंचाने और इसके बदले किसी तरह के लेन-देन या सहयोग से जुड़े पहलुओं की भी पड़ताल कर रही है।
मुख्य अभियुक्त की गिरफ्तारी और दो आरोपियों को रिमांड पर लिए जाने के बाद अब जांच की दिशा उन लोगों तक पहुंचने पर है, जो इस पूरे मामले में प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से जुड़े हो सकते हैं।
मामले की जांच CID द्वारा जारी है।