रेल यात्रियों को निशाना बनाने वाला गिरोह बेनकाब, धनबाद स्टेशन से दो चोर गिरफ्तार
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!RPF और CIB की संयुक्त कार्रवाई, चोरी के 4 मोबाइल और नकद बरामद
धनबाद। रेलवे यात्रियों की सुरक्षा को लेकर एक बड़ी कार्रवाई सामने आई है। धनबाद रेलवे स्टेशन पर रेल यात्रियों का सामान चोरी करने वाले गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। यह कार्रवाई वरीय मंडल सुरक्षा आयुक्त के निर्देशन में आरपीएफ पोस्ट और सीआईबी की संयुक्त टीम ने की।
मिली जानकारी के अनुसार, आरपीएफ को गुप्त सूचना मिली थी कि दो संदिग्ध युवक स्टेशन पर घूम रहे हैं और यात्रियों के मोबाइल फोन चोरी कर बेचने की फिराक में हैं। सूचना के आधार पर सीसीटीवी सर्विलांस टीम को सक्रिय किया गया। प्लेटफॉर्म संख्या एक के कालका छोर पर दोनों संदिग्धों की पहचान की गई, जिसके बाद टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उन्हें हिरासत में ले लिया।
तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से चार स्मार्टफोन और 1,200 रुपये नकद बरामद किए गए। पूछताछ में उन्होंने स्वीकार किया कि 3 और 4 मई की मध्य रात्रि में टिकट काउंटर के पास मोबाइल चार्ज कर रहे यात्रियों के फोन चोरी किए थे। इसके अलावा दो अन्य मोबाइल भी पहले चोरी किए गए थे, जिनका इस्तेमाल वे खुद कर रहे थे।
बरामद मोबाइल में सैमसंग, वीवो, ओप्पो और पोको कंपनियों के फोन शामिल हैं, जिनकी कुल कीमत करीब 81,200 रुपये आंकी गई है। साथ ही आरोपियों के पास से आधार कार्ड और पैन कार्ड भी मिले हैं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान झरिया के इन्द्रानगर निवासी मो. अरबाज और ऊपर राजवारी रोड निवासी मिथुन कुमार कुशवाहा के रूप में हुई है। वहीं, पीड़ित यात्रियों की पहचान भागलपुर निवासी राजू और गिरिडीह निवासी सोनू कुमार के रूप में की गई है।
इस मामले में उप-निरीक्षक आभाष चन्द्र सिंह के लिखित बयान पर जीआरपी धनबाद में कांड संख्या 102/26 दर्ज किया गया है। आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 317(5) एवं 3(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। मामले की जांच जीआरपी के अवर निरीक्षक तरणी महतो कर रहे हैं।
फिलहाल दोनों आरोपियों ने किसी भी पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड से इनकार किया है।