जेलगोरा में भीषण सड़क हादसा: टेलर की टक्कर से महिला की मौत, एक ही परिवार के 5 लोग घायल
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
गया शादी में शामिल होने जा रहा था परिवार, तड़के 4 बजे हुआ हादसा; टेलर जब्त, जांच जारी

धनबाद: धनबाद के जोड़ापोखर थाना क्षेत्र अंतर्गत जेलगोरा में सोमवार तड़के करीब 4 बजे एक भीषण सड़क हादसा हो गया। इस हादसे में एक 65 वर्षीय महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक ही परिवार के पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतका की पहचान राजमणि देवी के रूप में की गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सभी लोग अमलाबाद से धनबाद रेलवे स्टेशन जा रहे थे, जहां से उन्हें गया के लिए ट्रेन पकड़नी थी। परिवार के सदस्य एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। सभी लोग एक टेम्पो में सवार होकर धनबाद की ओर बढ़ रहे थे।
इसी दौरान जेलगोरा के पास पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार टेलर ने टेम्पो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टेम्पो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार सभी लोग घायल हो गए। राजमणि देवी की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही जोड़ापोखर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को एंबुलेंस के जरिए शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (SNMMCH), धनबाद पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है।
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दुर्घटना में शामिल टेलर को पाथरडीह क्षेत्र से जब्त कर लिया है। मामले में आगे की जांच की जा रही है।
इधर, घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश देखा जा रहा है। लोगों ने जेलगोरा-धनबाद मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण और नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।