सड़क सुरक्षा व साइबर सुरक्षा पर धनबाद पुलिस का जागरूकता अभियान, प्रतिभाओं का हुआ सम्मान

“दुर्घटना से देर भली” – SSP प्रभात कुमार का सशक्त संदेश
धनबाद पुलिस द्वारा आमजन को सड़क हादसों एवं बढ़ते साइबर अपराधों से बचाने के उद्देश्य से बुधवार को मैथन स्थित डीवीसी कला केंद्र में “पुलिस की पाठशाला” कार्यक्रम के तहत सड़क सुरक्षा एवं साइबर सुरक्षा सह प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में एसएसपी श्री प्रभात कुमार उपस्थित रहे। इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, छात्र-छात्राएं, शिक्षक एवं पुलिस पदाधिकारी मौजूद थे। कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को सुरक्षित व्यवहार के प्रति जागरूक करना तथा समाज में सकारात्मक योगदान देने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित करना था।

सड़क सुरक्षा पर विशेष जोर
पुलिस अधिकारियों ने PPT के माध्यम से सड़क सुरक्षा के अहम पहलुओं पर जानकारी दी।

मुख्य संदेशों में शामिल रहे—
दोपहिया वाहन पर हेलमेट अनिवार्य
चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का उपयोग
तेज रफ्तार, नशे में ड्राइविंग व ओवरटेकिंग से बचाव
नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने पर रोक
ट्रैफिक नियमों एवं सड़क संकेतों का पालन
अधिकारियों ने बताया कि अधिकांश सड़क दुर्घटनाएं लापरवाही के कारण होती हैं, जिन्हें थोड़ी सतर्कता से रोका जा सकता है।
साइबर अपराध से बचाव की अपील
साइबर सुरक्षा को लेकर लोगों को—
अंजान लिंक पर क्लिक न करने
फर्जी कॉल, मैसेज व लोन ऐप से सावधान रहने
बैंक डिटेल, OTP, ATM PIN साझा न करने
सेक्सटॉर्शन व डिजिटल अरेस्ट जैसे नए अपराधों से सतर्क रहने
की सलाह दी गई।
साइबर ठगी की स्थिति में तुरंत 1930 हेल्पलाइन या नजदीकी साइबर थाना से संपर्क करने की अपील की गई।
SSP का भावुक और सख्त संदेश
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए SSP श्री प्रभात कुमार ने कहा—
“हर एक ज़िंदगी सिर्फ एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज की होती है। लापरवाही से जान गंवाना बेहद दुखद है। दुर्घटना से देर भली है, मंज़िल तक सुरक्षित पहुँचना ही असली जीत है।”
उन्होंने बताया कि पिछले डेढ़ साल में सड़क हादसों में हुई मौतें कोरोना से भी अधिक रही हैं, जो अत्यंत चिंताजनक है।
SSP ने घायलों की मदद करने वालों को सरकार व पुलिस द्वारा सम्मानित किए जाने की भी बात कही और स्पष्ट किया कि मदद करने वालों से कोई पूछताछ नहीं होगी।
सड़क सुरक्षा शपथ
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी लोगों को सड़क सुरक्षा शपथ दिलाई गई, जिसमें ट्रैफिक नियमों के पालन और दूसरों को भी जागरूक करने का संकल्प लिया गया।
प्रतिभाओं और सहयोगियों का सम्मान
कार्यक्रम में खेल, शिक्षा, सामाजिक सुरक्षा, चिकित्सा, पर्यटन, विधि-व्यवस्था एवं उत्कृष्ट पुलिस सेवा में योगदान देने वाले छात्र-छात्राओं, युवाओं, समाजसेवियों और पुलिस पदाधिकारियों को प्रशस्ति पत्र व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए निरसा SDPO रजत माणिक बाखला को विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में ये अधिकारी रहे मौजूद
ग्रामीण SP कपील चौधरी, SDPO निरसा रजत माणिक बाखला, DSP ट्रैफिक अरविंद सिंह, साइबर थाना प्रभारी रविकांत प्रसाद, चिरकुंडा थाना प्रभारी रामजी राय सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।