प्रयागराज में वायुसेना का ट्रेनी विमान क्रैश, तालाब में हुई इमरजेंसी लैंडिंग
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!इंजन में तकनीकी खराबी, दोनों पायलट सुरक्षित – बड़ा हादसा टला

प्रयागराज : प्रयागराज में भारतीय वायुसेना का एक दो-सीटर माइक्रोलाइट प्रशिक्षण विमान गुरुवार दोपहर हादसे का शिकार हो गया। इंजन में तकनीकी खराबी आने के बाद विमान को जॉर्ज टाउन थाना क्षेत्र स्थित सीएमपी कॉलेज के पीछे एक तालाब में आपातकालीन लैंडिंग करानी पड़ी। राहत की बात यह रही कि विमान में सवार दोनों पायलट सुरक्षित बचा लिए गए।

बताया गया कि यह ट्रेनी विमान बमरौली एयरबेस से उड़ान भरकर संगम और फाफामऊ क्षेत्र की ओर गया था। वापसी के दौरान अचानक तकनीकी खराबी आ गई, जिसके बाद पायलटों ने सूझबूझ दिखाते हुए विमान का पैराशूट सक्रिय किया और रिहायशी इलाके से दूर तालाब की ओर विमान मोड़ दिया।
तालाब में जलकुंभी अधिक होने के कारण विमान डूबा नहीं, जिससे पायलटों को बाहर निकालने में आसानी हुई। विमान गिरते ही दोनों पायलटों ने हाथ हिलाकर मदद मांगी। रेलवे लाइन की ओर से पहुंचे स्थानीय लोगों ने तुरंत दोनों पायलटों को बाहर निकाला और एंबुलेंस से अस्पताल भिजवाया। दोनों को हल्की चोटें आई हैं, लेकिन वे पूरी तरह सुरक्षित हैं।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, फायर ब्रिगेड, एसडीआरएफ और वायुसेना की टीम मौके पर पहुंच गई। वायुसेना का हेलीकॉप्टर भी घटनास्थल पर उतारा गया। फिलहाल तालाब से विमान को बाहर निकालने का प्रयास जारी है। मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई, जिसे नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
पुलिस उपायुक्त नगर मनीष शांडिल्य ने बताया कि पायलटों ने समय रहते सुरक्षित लैंडिंग कराई, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
वहीं, रक्षा पीआरओ और प्रवक्ता विंग कमांडर देबार्थो धर ने पुष्टि की कि यह भारतीय वायुसेना का माइक्रोलाइट प्रशिक्षण विमान था, जिसमें सवार दोनों अधिकारी पूरी तरह सुरक्षित हैं।
बड़ा हादसा टला
रिहायशी इलाके से दूर तालाब में विमान गिरने के कारण एक बड़ा हादसा टल गया। जमीन पर भी किसी प्रकार के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है।