केंदुआ : पुटकी थाना क्षेत्र में गोलीकांड, 45 वर्षीय व्यक्ति की मौत
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
धनबाद : केंदुआ के पुटकी थाना क्षेत्र अंतर्गत करकेन्द न्यू सुदामाडीह कॉलोनी में बुधवार देर रात करीब 12:30 बजे गोलीबारी की घटना में 45 वर्षीय अजय सिंह की मौत हो गई।
परिजनों के अनुसार, गोली लगने के बाद खून से लथपथ अजय सिंह को आनन-फानन में पाटलिपुत्र अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें एसएनएमसीएच धनबाद रेफर कर दिया। हालांकि, एसएनएमसीएच पहुंचने पर जांच के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतक के पुत्र अविनाश कुमार ने पड़ोस में रहने वाले टीटू सिंह पर गोली मारने का आरोप लगाया है। अविनाश के अनुसार, किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी, जिसके बाद आरोपी टीटू सिंह ने उनके पिता पर फायरिंग कर दी। गोली अजय सिंह के सीने में लगी थी।
घटना के बाद से आरोपी टीटू सिंह फरार बताया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुटकी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
वहीं पुटकी थाना प्रभारी वकार हुसैन ने बताया कि घटना आपसी रंजिश का परिणाम है। उन्होंने कहा कि पहले दोनों के बीच अच्छी दोस्ती थी, लेकिन पिछले दो-चार महीनों से दोनों के बीच विवाद बढ़ गया था। पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।