गुब्बारे बेचने के बहाने 2 बच्चों का अपहरण, 12 दिन बाद रांची पुलिस ने किया बरामद
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!रांची: राजधानी रांची से सामने आए सनसनीखेज अपहरण मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। गुब्बारे बेचने वाले एक दंपति ने शालीमार बाजार, धुर्वा से दो मासूम बच्चों को अगवा कर लिया था। 12 दिन की कड़ी मशक्कत के बाद रांची पुलिस ने दोनों बच्चों को सकुशल बरामद कर लिया है।
ग्रामीण एसपी प्रवीण पुष्कर ने बताया कि आरोपी दंपति की पहचान नव कुमार खेरवार और सोनी खेरवार के रूप में हुई है। दोनों 2 जनवरी को धुर्वा शालीमार बाजार में गुब्बारे बेच रहे थे। इसी दौरान बच्चे अंश और अंशिका वहां पहुंचे और आसपास कोई अभिभावक नजर न आने पर दंपति ने अपहरण की योजना बना ली।
हटिया से रामगढ़ तक बच्चों को घुमाया
आरोपियों ने बच्चों को गुब्बारे दिए, खाना खिलाया और शाम करीब 4 बजे उन्हें अपने साथ ले गए। पहले ऑटो से बच्चों को हटिया ले जाया गया। पुलिस की सक्रियता बढ़ती देख बच्चों को वहीं आसपास रखा गया।
दो दिन बाद आरोपी बच्चों को लेकर बूटी मोड़ होते हुए रामगढ़ पहुंचे, जहां अहमदनगर में एक किराए के कमरे में रहने लगे।
बच्चों को बहलाकर रखा
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी बच्चों को अच्छा खाना, खिलौने और तरह-तरह की चीजों का लालच देते थे। बच्चे इतने घुल-मिल गए थे कि आरोपियों को नाम लेकर बुलाने लगे थे।
गुलगुलिया गैंग से जुड़े आरोपी
पुलिस के अनुसार आरोपी गुलगुलिया गैंग से जुड़े हैं और बाजारों व हाटों में घूम-घूम कर गुब्बारे बेचते हैं। पूछताछ में यह भी खुलासा हुआ कि दोनों बच्चों को बिहार ले जाने की तैयारी में थे, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उन्हें धर दबोचा।
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है। CCTV फुटेज और कॉल डंप के जरिए पूरे नेटवर्क की पड़ताल की जा रही है।