तोपचाची में एलपीजी टैंकर में लगी आग
टाटा स्टील की त्वरित कार्रवाई से टला बड़ा हादसा

कतरास (धनबाद):
तोपचाची थाना क्षेत्र के समीप उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एलपीजी से भरे एक टैंकर के इंजन में शॉर्ट सर्किट के कारण अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटें उठने लगीं, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।

घटना की सूचना मिलते ही टाटा स्टील ग्रुप की आपातकालीन टीम मात्र 40 मिनट के भीतर मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए आग पर काबू पा लिया। इस दौरान धनबाद से फायर ब्रिगेड की गाड़ी भी घटनास्थल पर पहुंच चुकी थी।
टाटा स्टील के सुरक्षा अधिकारी रिंकू कुमार गुप्ता ने बताया कि तोपचाची पुलिस, टैंकर चालक और स्थानीय ग्रामीणों की सूझबूझ एवं तत्परता के कारण एक बड़ी दुर्घटना होने से समय रहते रोक ली गई।
एलपीजी टैंकर में आग लगने की वजह से जीटी रोड पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। हालांकि, आग पर पूरी तरह नियंत्रण के बाद स्थिति सामान्य कर दी गई।
राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, जिससे प्रशासन और स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली।