Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
बोकारो।
झारखंड के बोकारो जिले में अपराधियों का दुस्साहस एक बार फिर सामने आया है। सेक्टर-4 थाना क्षेत्र अंतर्गत सिटी सेंटर स्थित तनिष्क शोरूम में रविवार शाम पुलिस की वर्दी में आए सात हथियारबंद डकैतों ने दिनदहाड़े डकैती की कोशिश की। हालांकि, कर्मचारियों की सतर्कता और समय पर अलार्म बजाए जाने से बड़ी वारदात टल गई।
जानकारी के अनुसार, रविवार शाम करीब चार बजे पांच युवक शोरूम में दाखिल हुए, जिनमें से दो पुलिस की वर्दी में थे। उन्होंने खुद को स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) का कर्मी बताते हुए सुरक्षा ऑडिट करने की बात कही। इस दौरान उन्होंने शोरूम के अलार्म सिस्टम, अग्निशमन उपकरण और अन्य सुरक्षा इंतजामों की जांच के बहाने कर्मचारियों से बातचीत शुरू कर दी।
शोरूम मैनेजर अनिल कुमार ने बताया कि वर्दीधारी युवकों ने कुछ तस्वीरें दिखाते हुए दावा किया कि ये पुराने डकैतों की तस्वीरें हैं और कर्मचारियों को एकत्र करने लगे। जब उनसे पहचान पत्र दिखाने और स्थानीय थाना प्रभारी से बात कराने को कहा गया, तो वे घबरा गए और असहज व्यवहार करने लगे।
इसी बीच मास्क लगाए दो अन्य युवक भी शोरूम में घुसने लगे। वहां तैनात सशस्त्र सुरक्षा गार्ड रघु महतो ने उन्हें रोकने की कोशिश की, जिस पर कहासुनी शुरू हो गई। अचानक एक डकैत ने गार्ड को गन प्वाइंट पर ले लिया और उसकी बंदूक छीन ली। इसके बाद सभी डकैतों ने पिस्टल निकालकर करीब 30 कर्मचारियों और दो दर्जन से अधिक ग्राहकों को धमकाते हुए गहने और नकदी सौंपने को कहा।
हालांकि, इसी दौरान एक कर्मचारी ने साहस दिखाते हुए शोरूम का अलार्म बजा दिया। अलार्म की तेज आवाज सुनते ही डकैत घबरा गए और गार्ड की बंदूक लेकर प्रथम तल्ले से नीचे भाग निकले। नीचे पहले से खड़ी तीन अपाची बाइक पर सवार होकर सातों डकैत फरार हो गए। भागने के दौरान उन्होंने गार्ड की बंदूक नीचे फेंक दी।
घटना की सूचना मिलते ही सिटी डीएसपी आलोक रंजन सहित पुलिस के वरीय अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जांच शुरू की। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। डकैतों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम का गठन किया गया है।
सिटी डीएसपी आलोक रंजन ने बताया कि अपराधियों ने पुलिस की वर्दी पहनकर सुरक्षा जांच का बहाना बनाया था। अलार्म बजने के कारण बड़ी डकैती टल गई। पुलिस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।