लोयाबाद के कनकनी में ट्रांसफार्मर चोरी की कोशिश नाकाम, ग्रामीणों की सतर्कता से बची बीसीसीएल की लाखों की संपत्ति

लोयाबाद के कनकनी में ट्रांसफार्मर चोरी की कोशिश नाकाम, ग्रामीणों की सतर्कता से बची बीसीसीएल की लाखों की संपत्ति

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

धनबाद | लोयाबाद
लोयाबाद थाना क्षेत्र के कनकनी हनुमान बाजार स्थित स्विच रूम से ट्रांसफार्मर चोरी करने की बड़ी साजिश को ग्रामीणों की सतर्कता और दिलेरी ने नाकाम कर दिया। सोमवार देर रात करीब 20 की संख्या में अपराधियों का एक दल स्विच रूम में घुसकर ट्रांसफार्मर चोरी की कोशिश कर रहा था।


ग्रामीणों के अनुसार अपराधियों ने पहले ट्रांसफार्मर में जा रही बिजली की तार काटी और तेल बहा दिया, ताकि ट्रांसफार्मर को आसानी से ले जाया जा सके। लेकिन हाल ही में केबल चोरी की घटनाओं के बाद चौकन्ना ग्रामीण जाग गए और स्विच रूम की ओर दौड़ पड़े।
ग्रामीणों को देखकर अपराधियों ने पत्थरबाजी शुरू कर दी और मौके से जोगता की ओर फरार हो गए। ग्रामीणों की बहादुरी से बीसीसीएल की लाखों रुपये की संपत्ति लूटने से बच गई।


सूचना मिलने पर लोयाबाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। हालांकि ट्रांसफार्मर को क्षतिग्रस्त कर दिए जाने के कारण इलाके में बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई।


ग्रामीणों का कोलियरी प्रबंधन के खिलाफ घेराव
मंगलवार को बिजली आपूर्ति बहाल कराने और स्विच रूम की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग को लेकर कांग्रेस नेता इम्तियाज अहमद के नेतृत्व में ग्रामीणों ने कनकनी कोलियरी प्रबंधन का घेराव किया। इस दौरान ग्रामीणों और अधिकारियों के बीच नोकझोंक भी हुई।
करीब चार घंटे तक चले घेराव के बाद कोलियरी पीओ धीरज कुमार सिन्हा ने जल्द बिजली आपूर्ति बहाल करने का आश्वासन दिया, जिसके बाद आंदोलन समाप्त हुआ।
पुलिस पर लापरवाही का आरोप
ग्रामीणों का आरोप है कि घटना के समय जोगता पुलिस को कई बार फोन किया गया, लेकिन कॉल रिसीव नहीं किया गया। यदि पुलिस समय पर पहुंचती तो अपराधियों को पकड़ा जा सकता था।
कोलियरी प्रबंधन का बयान
कोलियरी पीओ धीरज कुमार सिन्हा ने बताया कि
“क्षेत्र में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। लोयाबाद थाना में लिखित शिकायत दी गई है। ट्रांसफार्मर ऑयल की व्यवस्था की जा रही है और 3–4 दिनों में बिजली बहाल कर दी जाएगी।”
घेराव में शामिल ग्रामीणों में शिबू मंडल, रवि यादव, बादशाह, अहमद, मोनू चौहान, चीकू अहमद, राहुल यादव, गुड्डू अली, कुलदीप तिवारी, राजू सिंह, दौलती देवी, पूनम देवी, लक्ष्मी देवी, शाकुन्तल देवी सहित अन्य ग्रामीण मौजूद थे

About Author

error: Content is protected !!