तीन दिनों से लापता लोडर सुबोध कुमार सिन्हा का शव बरामद, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

तीन दिनों से लापता लोडर सुबोध कुमार सिन्हा का शव बरामद, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

झरिया थाना क्षेत्र के भगतडीह परसाटांड़ निवासी 50 वर्षीय लोडर सुबोध कुमार सिन्हा का शव तीन दिनों बाद गोविंदपुर थाना क्षेत्र के कालाडीह पुलिया के नीचे से बरामद किया गया। शव मिलने की खबर से इलाके में सनसनी फैल गई है। परिजनों ने इसे सामान्य मौत मानने से इनकार करते हुए हत्या की आशंका जताई है।

मिली जानकारी के अनुसार, सुबोध कुमार सिन्हा 22 दिसंबर की सुबह करीब 7 बजे घर से निकले थे। वे गोविंदपुर थाना क्षेत्र के कौवाबांध स्थित ब्लैक डायमंड हार्ड कोक भट्ठा में ट्रक लोडिंग कराने गए थे। लोडिंग के बाद शाम करीब 5 बजे वे गाड़ी के कागजात देने के लिए भट्ठा परिसर से बाहर निकले और पास के एक साइबर कैफे में प्रिंटआउट कराने गए।
सुबोध की पत्नी बबीता देवी से उनकी आखिरी बार मोबाइल पर बातचीत शाम 5:30 बजे हुई थी। इसके बाद उनका मोबाइल फोन बंद हो गया। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजन परेशान हो गए और खोजबीन शुरू की। इस दौरान उनकी मोटरसाइकिल भट्ठा परिसर में ही खड़ी मिली। पत्नी द्वारा गोविंदपुर थाना में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई गई थी।
आज सुबह कालाडीह पुलिया के नीचे पानी में एक अज्ञात शव देखे जाने की सूचना स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकालकर उसकी पहचान सुबोध कुमार सिन्हा के रूप में की।
मृतक के भाई प्रमोद कुमार सिन्हा ने हत्या का आरोप लगाते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
गोविंदपुर थाना के एएसआई संजय कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए धनबाद के एसएनएमएमसीएच अस्पताल भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

About Author

error: Content is protected !!