Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
जामताड़ा :
जामताड़ा मैन बाजार स्थित बालाजी ज्वेलर्स में बुधवार को दिनदहाड़े हुई डकैती और ताबड़तोड़ गोलीबारी से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। हथियारबंद अपराधियों ने दुकान में घुसकर लूटपाट के दौरान दो लोगों को गोली मार दी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद बाजार में अफरा-तफरी मच गई और दुकानों के शटर गिर गए।
घटना की सूचना मिलते ही जामताड़ा एसपी मौके पर पहुंचे और पूरे घटनास्थल का जायजा लिया। एसपी ने बताया कि अपराधियों की संख्या और लूटे गए सामान की जानकारी जुटाई जा रही है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और जिले की सीमाओं को सील कर अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित कर दी गई है।
एसपी ने कहा—
“घटना बेहद गंभीर है। अपराधियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस तेजी से कार्रवाई कर रही है, जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।”
गोली लगने से घायल दोनों लोगों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। घटना के बाद व्यापारियों में भारी रोष देखा गया और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है और जामताड़ा शहर में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है।
