ऑपरेशन उपलब्ध के तहत रेलवे टिकटों की कालाबाजारी का खुलासा, ₹1.74 लाख के 31 टिकटों के साथ मुंबई का दलाल गिरफ्तार
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!धनबाद। धनबाद रेल मंडल में रेलवे टिकटों की कालाबाजारी के खिलाफ रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने बड़ी कार्रवाई की है। ‘ऑपरेशन उपलब्ध’ के तहत CIB धनबाद और RPF गोमो की संयुक्त टीम ने गिरिडीह जिले के मधुबन स्थित एक धर्मशाला में छापेमारी कर मुंबई के एक कथित टिकट दलाल को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से 1 लाख 74 हजार 630 रुपये मूल्य के 31 भविष्य के रेलवे काउंटर टिकट हस्तगत किए गए हैं।
जानकारी के अनुसार, 12 नवंबर को CIB धनबाद को मिली गुप्त सूचना के आधार पर संयुक्त टीम ने मधुबन थाना पुलिस के सहयोग से सिद्धायतन चैरिटेबल स्पिरिचुअल होम धर्मशाला के कमरा नंबर 226 में छापेमारी की। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से पिछले तीन दिनों में मधुबन रेलवे काउंटर से कटवाए गए 31 भविष्य के टिकट बरामद हुए। इन टिकटों पर कुल 117 यात्रियों का आरक्षण था।
पूछताछ में आरोपी ने जरूरतमंद यात्रियों को प्रति टिकट 2 से 3 हजार रुपये अतिरिक्त लेकर बेचने की बात स्वीकार की। गिरफ्तार आरोपी की पहचान महाराष्ट्र के मुंबई निवासी 33 वर्षीय भाविक जसवंत राय सूचक के रूप में हुई है।
रेलवे सुरक्षा बल की टीम ने मौके से 31 रेल टिकटों के अलावा दो मोबाइल फोन और 6,900 रुपये नकद भी हस्तगत किए हैं। आरोपी के खिलाफ RPF पोस्ट गोमो में रेल अधिनियम की धारा 143 के तहत कांड संख्या 789/26 दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
रेलवे टिकटों की कालाबाजारी के खिलाफ इस कार्रवाई से अवैध टिकट कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है। अब जांच एजेंसी इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका का पता लगाने में जुटी है।
खबरें पसंद आये तो चैनल को Follow, Like and Share कर हमारी मुहिम को मजबूत बनाएं।