हत्या, आत्महत्या या किसी बड़ी साज़िश का संकेत?
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
36 दिन बाद रिटायर होने वाले BCCL कर्मी की संदिग्ध मौत, पुलिस जांच में जुटी

लोयाबाद में आज अहले सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया जब नगर निगम की पानी टंकी में एक BCCL कर्मी की लाश फंदे से लटकी मिली। मृतक की पहचान पंप ऑपरेटर माया राम चमार के रूप में हुई है, जो लोयाबाद 8 नंबर के रहने वाले थे और 5 नंबर स्थित पंप हाउस में काम करते थे।
खबर फैलते ही आसपास के इलाके में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि मामला संदिग्ध है—उनका आरोप है कि माया राम की हत्या कर इसे आत्महत्या का रूप दिया गया है।
सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि मृतक के रिटायरमेंट में केवल 36 दिन ही बचे हुए थे। वो 1 जनवरी 2026 को सेवा से निवृत्त होने वाले थे।
मृतक के पुत्र सनी कुमार और हर्ष कुमार भी पिता की मौत को हत्या बता रहे हैं। उनका कहना है—“हमारे पिता को किसी ने मारकर फांसी पर लटका दिया है।”
सूचना मिलते ही लोयाबाद पुलिस मौके पर पहुंच गई है। पुलिस ने घटनास्थल की जांच शुरू कर दी है और मृतक के परिजनों से पूछताछ की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी चल रही है।
माया राम अपने पीछे तीन पुत्र और एक पत्नी को छोड़ गए हैं।
अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिसिया जांच के बाद ही मौत का असली कारण सामने आ पाएगा।