तीन साल की बच्ची के लिए मां की गुहार — पति पर जबरन ले जाने का आरोप, थाना में रोती-बिलखती रही पीड़िता सौम्या
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!धनबाद/गोविंदपुर : गोविंदपुर थाना परिसर में शनिवार को एक मां की बेबसी ने हर किसी का दिल पसीज दिया। तीन साल की मासूम बेटी को वापस पाने के लिए मां सौम्या रोती-बिलखती रही, पर उसे न्याय नहीं मिला।
पीड़िता सौम्या, जो गोला करोड़, थाना दालापुर (पटना, बिहार) की रहने वाली हैं, ने अपने पति कुंदन कुमार मिश्रा पर बच्ची को जबरन साथ ले जाने का गंभीर आरोप लगाया है।
सौम्या का कहना है कि उसके पति के खिलाफ पहले से ही पटना के दालापुर थाना में मामला दर्ज है, इसके बावजूद वह कानूनी प्रक्रिया को दरकिनार कर धनबाद के सबलपुर आ गया और तीन साल की बच्ची को जबरन अपने साथ ले गया।
मां सौम्या जब इस शिकायत के साथ गोविंदपुर थाना पहुंची, तो उसे पहले घंटों तक थाने में बैठाए रखा गया। बाद में आवेदन स्वीकार किया गया और आरोपी पति को बच्ची के साथ थाना बुलाया गया।
लेकिन सौम्या का आरोप है कि थाना में किसी वरिष्ठ अधिकारी के फोन आने के बाद, पुलिस ने बिना ठोस कार्रवाई के बच्ची को पिता के साथ ही वापस भेज दिया।
थाने में न्याय की उम्मीद टूटने के बाद जब वह एसएसपी आवास पहुंची, तो वहां से भी निराश होकर लौटना पड़ा।
सौम्या ने प्रशासन से गुहार लगाई है कि उसकी बच्ची को जल्द से जल्द वापस दिलाया जाए और आरोपी पति के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाए।