Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
टुंडी। सोमवार को टुंडी के मानियाडीह थाना के समीप स्थित शिबू आश्रम में दिवंगत दिशोम गुरु शिबू सोरेन की स्मृति में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। सुबह से ही लोगों का आना-जाना शुरू हो गया था और आश्रम परिसर में श्रद्धांजलि देने वालों की भीड़ उमड़ पड़ी।
कार्यक्रम में झारखंड विधानसभा अध्यक्ष रविंद्र नाथ महतो मुख्य अतिथि के रूप में तथा राज्य सरकार के जल संसाधन मंत्री योगेंद्र प्रसाद विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित हुए। दोनों अतिथियों ने संयुक्त रूप से आश्रम के द्वार पर दिशोम गुरु शिबू सोरेन की मूर्ति का अनावरण किया और दो मिनट का मौन रखकर उन्हें नमन किया।
इसके बाद दोनों अतिथियों ने आश्रम परिसर में जाकर स्वर्गीय श्यामलाल मुर्मू के परिजनों से मुलाकात की। आश्रम के सामने पौधारोपण भी किया गया तथा श्रद्धांजलि सभा के पश्चात आयोजित श्राद्ध भोज में शामिल हुए।
मीडिया से बातचीत के दौरान विधानसभा अध्यक्ष रविंद्र नाथ महतो और मंत्री योगेंद्र प्रसाद दोनों ही भावुक हो उठे। उन्होंने कहा कि गुरुजी का जाना राज्य की अपूरणीय क्षति है और झारखंड सदैव उनके योगदान को याद रखेगा।
इस अवसर पर धनबाद के उपायुक्त आदित्य रंजन एवं एसएसपी प्रभात कुमार भी आश्रम पहुंचे और गुरुजी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने भी पौधारोपण किया और श्राद्ध भोज में शामिल हुए।
गुरुजी की कर्मभूमि रहे टुंडी में दूर-दराज के गांवों से हजारों लोग अंतिम श्रद्धांजलि देने पहुंचे। कई लोगों ने उनके साथ बिताए पलों को याद कर भावुकता व्यक्त की।
आदिवासी समाज के उत्थान और सम्मानजनक जीवन के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित करने वाले दिशोम गुरु शिबू सोरेन के प्रति टुंडी ही नहीं, बल्कि पूरा झारखंड स
दैव ऋणी रहेगा।