पुटकी में बम-गोलीबारी से मचा हड़कंप, आधे घंटे तक रणक्षेत्र बना पासी धौड़ा
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
धनबाद। जिले के करकेंद खटाल और पासी धौड़ा के बीच वर्षों से चला आ रहा विवाद रविवार को खूनी टकराव में बदल गया। करीब 50 हथियारबंद युवकों ने पासी धौड़ा पर धावा बोल दिया। बम धमाकों और गोलियों की आवाज से पूरा इलाका दहशत में आ गया और करीब आधे घंटे तक मोहल्ला रणक्षेत्र बना रहा।
हमलावरों ने प्रेमचंद पासी की टाटा मैजिक और बबुआ राम पासी के घर को निशाना बनाया। कई घरों में तोड़फोड़ की गई, मोटरसाइकिल क्षतिग्रस्त कर दी गई और दो राउंड फायरिंग भी हुई। इससे पहले शनिवार रात को भी इलाके में दो बम विस्फोट हुए थे। पुलिस ने घटनास्थल से खोखा बरामद किया है।
कई लोग घायल
हमले में पुटकी हाई स्कूल की 15 वर्षीय छात्रा नेहा कुमारी गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसका सिर फट गया। वहीं रेशमी कुमारी भी जख्मी हुई। कई घरों के दरवाजे तोड़े गए और सामने आए लोगों की पिटाई की गई। भय के माहौल में लोग जान बचाकर भाग खड़े हुए।
बदले की कार्रवाई में हुआ हमला
स्थानीय लोगों के अनुसार शनिवार को पासी धौड़ा के युवकों ने करकेंद खटाल में पथराव किया था। इसी का बदला लेने के लिए रविवार को हमला किया गया। हमलावरों ने गुड्डू पासी, बबुआ राम, मिथलेश पासी के घरों में घुसकर तोड़फोड़ की और ओम प्रकाश चौहान के घर पर लगे सीसीटीवी कैमरे भी तोड़ दिए।
पुलिस की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी इंस्पेक्टर वकार हुसैन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और हमलावरों को खदेड़ा। इसके बाद केंदुआडीह, भागाबांध, मुनिडीह और लोयाबाद थाना की पुलिस भी वहां पहुंची। पुलिस ने दोनों मोहल्लों के बीच कैंप कर स्थिति को नियंत्रण में किया।
तनाव के बीच खटाल की महिलाएं पुलिस से भिड़ गईं। कई घंटों तक पुलिस और महिलाओं के बीच नोकझोंक चली। देर रात तक पासी धौड़ा पुलिस छावनी में तब्दील रहा।
एफआईआर दर्ज
पासी धौड़ा निवासी सुनीता देवी की शिकायत पर पुलिस ने करकेंद खटाल के 14 लोगों को नामजद और 35 अज्ञात पर केस दर्ज किया है। आरोपियों में सचिन यादव, बंटी यादव, अजय यादव, दिलीप यादव, बिनोद यादव, अरुण यादव, विपिन यादव, विकलेश यादव, पिंटू यादव, रोशन यादव, अमित यादव, जीतू यादव, बेबी देवी और रीता देवी शामिल हैं।
इन पर बम-गोली चलाने, तोड़फोड़, मारपीट और 1500 रुपये छिनने का आरोप है। थाना प्रभारी ने कहा कि स्थिति अब नियंत्रण में है और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई होगी।