आधार कार्ड में फर्जीवाड़ा कर बाल श्रम करवाने ले जा रहे 05 बच्चों को मुक्त कर एक बाल तस्कर को किया गिरफ्तार
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!धनबाद : आरपीएफ पोस्ट धनबाद के द्वारा प्रेस जारी करते हुए बताया की मुखबिर खास से सूचना प्राप्त हुआ कि ट्रेन संख्या 13351 अलेप्पी एक्स्प्रेस से बड़ी मात्रा में नाबालिग बच्चों को बाल श्रम कराने हेतु ले जाया जा रहा है। उक्त सूचना पर वरीय मंडल सुरक्षा आयुक्त के निर्देश में प्रभारी निरीक्षक में नेतृत्व में उप-निरीक्षक मनीषा कुमारी, उप-निरीक्षक आभाष चन्द्र सिंह, स०उ०नि० अभिमन्यु सिंह तथा स्टाफ का एक स्पेशल टास्क टीम गठित किया गया, जो प्लेटफार्म 07 के कालका छोर पर पहुंचे, जहां पर 15 मजदूरों के गिरोह में पांच नाबालिग बच्चों, 09 बालिग मजदूर तथा एक मजदूर के मुंशी मो० नूर इस्लाम, मनसिंघा, थाना-राजमहल,साहेबगंज पाए गए। मुंशी के द्वारा बताया गया कि चेन्नई स्थित एक कंपनी के द्वारा जोखिम पूर्ण काम करने के लिए मजदूर की मांग की गयी थी, जिसके लिए प्रति मजदूर 2000/- देने की बात कही गयी थी| अधिक मजदूरों की मांग होने के कारण 05 नाबालिग बच्चों के अभिभावक के सहमति के बिना पैसों का लालच देकर ले जा रहा था, तथा आधार कार्ड में छेड़छाड़ कर उनका उम्र भी बढ़ा दिया। सभी मजदूर वनांचल एक्सप्रेस से आज सुबह में धनबाद पहुंचे तथा जनरल टिकट लेकर अलेप्पी एक्सप्रेस से तमिलनाडु ले जाने वाले थे। उक्त समूह में 05 लड़के नाबालिग प्रतीत हो रहे थे, जिनके आधार कार्ड का सत्यापन क्षेत्रीय आधार सेवा केंद्र से करवाया गया तो आधार कार्ड संख्या तीन के आधार दर्ज विवरण गलत पाया गया तथा जन्मतिथि तीन-तीन वर्षों का अंतर पाया गया। फर्जी तथा सही आधार कार्ड को विधिवत जब्त किया गया तथा नाबालिग बच्चों से बाल श्रम कराने हेतु ले जाने वाले नूर इस्लाम को गिरफ्तार किया गया तथा नाबालिग बच्चों को रेस्क्यू कर चाइल्डलाइन को सुपुर्द किया गया मौके पर GRP के पुलिस को बुलाया गया, जिन्होंने बतौर गवाह जब्ती व गिरफ्तारी के कागजातों पर अपना हस्ताक्षर बनाया। घटना के संबंध में उप निरीक्षक मनीषा कुमारी के द्वारा दिए गए लिखित शिकायत पत्र के साथ गिरफ्तार अभियुक्त को GRP पुलिस अग्रसारित किया गया।