बीएसएल प्रशासनिक भवन के समक्ष लाठी चार्ज में युवक की मौत, मामले की जांच के लिए बनी तीन सदस्यीय जांच कमेटी
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
उपायुक्त के आदेश पर बनी तीन सदस्यीय कमेटी, चास एसडीओ करेंगी इसकी अगुवाई, कमेटी शीघ्र उपलब्ध कराएंगी जांच रिपोर्ट। विस्थापित अप्रेंटिस संघ की सभी मांगों को बीएसएल प्रबंधन ने मान लिया है।
बोकारो: बीते 3 अप्रैल की शाम में बोकारो स्टील प्लांट के एडीएम बिलि्ंडग के बाहर प्रदर्शन कर रहे विस्थापित अप्रेंटिस संघ के सदस्यों पर सीआईएसएपफ द्वारा लाठियां बरसाने और इस घटना में एक युवक प्रेम महतो की मौत के बाद जिला प्रशासन पूरी हरकत में आ गयी। उपायुक्त विजया जाधव ने उक्त घटना पर एक्शन लेते हुए मृत्यु मामले की विस्तृत जांच के लिए तीन सदस्यीय जांच कमेटी गठित की है।
चास एसडीओ की अध्यक्षता में बनी कमेटी
चास अनुमण्डल पदाधिकारी प्रांजल ढ़ांडा कमेटी की अध्यक्षता करेंगी। कमेटी में बतौर सदस्य नगर पुलिस उपाधीक्षक आलोक रंजन, कार्यपालक दंडाधिकारी जया कुमारी शामिल हैं। उपायुक्त ने गठित कमेटी को गुरुवार को घटित पूरे घटनाक्रम की जाँच बीएसएल प्रशासनिक भवन में अधिष्ठापित सीसीटीवी फुटेज एवं मीडिया से प्राप्त फुटेज तथा अन्य साक्ष्यों के माध्यम से करते हुए विस्तृत जांच प्रतिवेदन शीघ्र उपलब्ध कराने को कहा है।
मुख्य महाप्रबंधक हरि मोहन झा को किया गिरफ्तार
नौकरी की मांग को लेकर बोकारो स्टील लिमिटेड प्लांट के एडीएम बिल्डिंग के समीप गुरुवार को विस्थापित अप्रेंटिस संघ द्वारा प्रदर्शन पर संज्ञान लेते हुए उपायुक्त विजया जाधव ने देर रात कार्यालय में बैठक की। बैठक में पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी, बीएसएल के ईडी, पुलिस उप महानिरीक्षक सीआइएसएफ, अपर समाहर्ता मो. मुमताज अंसारी, अनुमंडल पदाधिकारी चास सुश्री प्रांजल ढ़ांडा आदि शामिल हुए। उपायुक्त ने घटना की संपूर्ण जिम्मेदारी मानते हुए मुख्य महाप्रबंधक बीएसएल प्लांट हरि मोहन झा को गिरफ्तार किया।
मृतक के परिजनों को 20 लाख मुआवजा व परिवार के एक सदस्य को देगा नियोजन
उधर विस्थापित अप्रेंटिस संघ की सभी मांगों को बीएसएल प्रबंधन ने मान लिया है। जिसमें मुख्य निम्न बातें शामिल हैं।
– ट्रेनिंग पूरा कर चुके सभी विस्थापित अप्रेंटिस प्रशिक्षुओं को बीएसएल प्रबंधन 21 दिनों में पद सृजित कर तीन माह के अंदर उन्हें नियुक्ति देगा। वहीं, प्रशिक्षण प्राप्त करने के लिए कोचिंग की सुविधा उपलब्ध कराएगा।
-वहीं, मृतक के परिजनों को 20 लाख मुआवजा एवं परिवार के एक सदस्य को नियोजन देना बीएसएल प्रबंधन ने किया स्वीकार।
-साथ ही बीएसएल प्रबंधन घायलों को बीजीएच में मुफ्त उपचार एवं 10,000/-मुआवजा देने को राजी।
15 अप्रैल को जिला नियोजन पदाधिकारी व एसी की उपस्थिति में बैठक कर करेंगे अनुश्रवण
वहीं, अन्य मांगों के लिए बीएसएल विस्थापितों के साथ प्रति माह 15 अप्रैल को जिला नियोजन पदाधिकारी एवं अपर समाहर्ता की उपस्थिति में बैठक कर अनुश्रवण करेंगे। उपरोक्त सभी बातों को लेकर उपायुक्त ने अपर समाहर्ता एवं अनुमंडल पदाधिकारी चास’ को प्रत्येक माह अनुश्रवण कर अनुपालन सुनिश्चित कराने को कहा है।