घनुडीह में घरों से जहरीली गैस का रिसाव, लोगों की जान पर बना खतरा
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!प्रशासन के आदेश के बावजूद नहीं हो रही शिफ्टिंग
झरिया : कोयलांचल में अब तक भूमि धंसाव और खदानों में लगी आग से लोगों की जान जाती रही है, लेकिन अब एक नया और खतरनाक संकट सामने आ गया है। झरिया के घनुडीह मोहरीबांध इलाके में घरों से निकल रही जहरीली गैस ने लोगों का जीना दूभर कर दिया है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, कई परिवार इस गैस रिसाव से प्रभावित हैं। घरों में लगातार दुर्गंध फैल रही है, सांस लेना मुश्किल हो गया है और जमीनी आग के कारण घरों के नीचे की जमीन हमेशा गर्म बनी रहती है। हालात इतने भयावह हैं कि कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है।
शिफ्टिंग ही एकमात्र विकल्प, लेकिन कार्रवाई शून्य
प्रभावित लोगों का कहना है कि जिला प्रशासन द्वारा सुरक्षित स्थान पर शिफ्टिंग का निर्देश दिए जाने के बावजूद अब तक किसी भी परिवार का पुनर्वास नहीं किया गया है।
लोगों का आरोप है कि बीसीसीएल प्रबंधन, जेआरडीए और जिला प्रशासन इस गंभीर समस्या को नजरअंदाज कर रहे हैं।
लोगों की दोहरी चिंता — जान भी खतरे में, रोजगार भी
स्थानीय निवासियों का कहना है कि वे वर्षों से पुनर्वास की मांग कर रहे हैं, लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
एक ओर जान का खतरा है, दूसरी ओर यदि खुद से घर छोड़ते हैं तो रोजगार और आजीविका की चिंता सताने लगती है।
लापरवाही से बढ़ सकता है बड़ा हादसा
लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते प्रभावित इलाकों को खाली कराकर सुरक्षित स्थानों पर पुनर्वास नहीं किया गया, तो किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है।
रात-दिन गैस के रिसाव और दुर्गंध के बीच रहना मजबूरी बन चुका है।