रंगदारी नहीं दी तो ताबड़तोड़ बरसी गोलियां, कुख्यात राहुल दूबे का उछला नाम
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
झारखंड | रामगढ़
रामगढ़ जिले में सोमवार देर रात बालू कारोबारी डब्बू सिंह के घर पर अज्ञात अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर इलाके में दहशत फैला दी। इस सनसनीखेज घटना से पूरे क्षेत्र में भय का माहौल है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह हमला रंगदारी नहीं देने के कारण किया गया है।

मुख्य दरवाजे और खिड़की को बनाया निशाना
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक अपराधियों ने डब्बू सिंह के घर के मुख्य दरवाजे और खिड़की को निशाना बनाते हुए करीब सात राउंड फायरिंग की। अचानक हुई गोलीबारी से आसपास के लोग सहम गए और अपने-अपने घरों में दुबक गए। गनीमत यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।

रंगदारी की मांग पूरी न होने पर हमला
पीड़ित कारोबारी डब्बू सिंह ने बताया कि उन्हें कुख्यात अपराधी राहुल दूबे द्वारा लंबे समय से धमकियां दी जा रही थीं। आरोप है कि बालू कारोबार चलाने के बदले प्रति सीएफटी पांच रुपये रंगदारी की मांग की जा रही थी। जब उन्होंने रंगदारी देने से साफ इनकार किया, तो अपराधियों ने डर और दबाव बनाने के उद्देश्य से फायरिंग की।

पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।