दुर्गा पूजा को लेकर जिला प्रशासन अलर्ट, सुरक्षा से लेकर यातायात तक की तैयारियों की समीक्षा

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

धनबाद। आगामी दुर्गा पूजा एवं दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा, स्वच्छता, यातायात एवं विधि-व्यवस्था की व्यापक तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में पूजा समितियों के लिए सुरक्षा मानकों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित कराने पर विशेष जोर दिया गया।

प्रशासन ने सभी पूजा समितियों को विभिन्न संबंधित विभागों से आवश्यक NOC प्राप्त करने, पूजा पंडालों में CCTV कैमरे लगाने तथा प्रशिक्षित वॉलंटियर की तैनाती सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने की बात कही गई।

बैठक में स्पष्ट किया गया कि DJ पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। वहीं, बेहतर व्यवस्था, स्वच्छता एवं अनुशासन के साथ पूजा आयोजित करने वाली उत्कृष्ट पूजा समितियों को प्रोत्साहित करने के लिए ₹51,000 से ₹11,000 तक नकद पुरस्कार दिए जाने की व्यवस्था की गई है।

विसर्जन को लेकर भी विशेष तैयारी के निर्देश दिए गए हैं। विसर्जन स्थलों पर बैरिकेडिंग, गोताखोर एवं पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती के साथ सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। इसके अलावा अस्पतालों में आवश्यक व्यवस्थाओं, प्रमुख सड़कों की स्थिति, बिजली आपूर्ति एवं स्ट्रीट लाइट, साफ-सफाई तथा अतिक्रमण पर भी विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया गया।

जिला प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों और पूजा समितियों से आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए दुर्गा पूजा एवं दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने की अपील की।

About Author

error: Content is protected !!