

टुंडी। गरीब, वंचित एवं जरूरतमंद लोगों को सरल और सुलभ न्याय उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मंगलवार, 6 अक्टूबर 2026 को टुंडी प्रखंड परिसर में चलंत लोक अदालत सह जागरूकता वैन पहुंची। इस दौरान लोगों को कानूनी अधिकारों एवं न्यायिक सेवाओं के प्रति जागरूक किया गया। शिविर में चार मामलों का सफल निस्तारण किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन सर्वम समिति सर्विस प्राइवेट लिमिटेड, धनबाद तथा जिला सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, धनबाद के सौजन्य से किया गया। इस अवसर पर लोगों में कानूनी जागरूकता बढ़ाने के लिए आकर्षक नुक्कड़ नाटक का भी आयोजन किया गया। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से आम लोगों को उनके कानूनी अधिकारों, निःशुल्क विधिक सहायता तथा न्याय तक आसान पहुंच की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में प्रखंड विकास पदाधिकारी विशाल कुमार पाण्डेय, अंचल अधिकारी सुरेश प्रसाद वर्णनवाल एवं मुखिया प्रतिनिधि नंदकिशोर रविदास मंचासीन रहे।
मौके पर DLSA के विद्वान अधिवक्ता सुमन कुमार पाठक ने NALSA, JHALSA एवं DLSA की ओर से संचालित विभिन्न कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने विधिक सहायता की आवश्यकता तथा समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय की पहुंच सुनिश्चित करने के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला।
कार्यक्रम के दौरान टुंडी प्रखंड PLV सौरभ जायसवाल, टुंडी पंचायत PLV सूरज कुमार मुर्मू, संदीप कुमार मिश्रा एवं प्रदीप चन्द्र दान ने मंचासीन अधिकारियों का शॉल एवं पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया।
चलंत लोक अदालत के माध्यम से मामलों के निस्तारण और जागरूकता कार्यक्रम से स्थानीय लोगों को कानूनी सेवाओं एवं अपने अधिकारों के प्रति महत्वपूर्ण जानकारी मिली।