

जामताड़ा। आगामी दुर्गा पूजा एवं दशहरा पर्व 2026 को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर मंगलवार को समाहरणालय स्थित एसजीएसवाई सभागार में केंद्रीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता जामताड़ा उपायुक्त आलोक कुमार ने की। इस दौरान पुलिस अधीक्षक शंभू कुमार सिंह एवं नाला एसडीपीओ किशोर तिर्की सहित प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, शांति समिति के सदस्य तथा समाज के प्रबुद्धजन मौजूद रहे।
बैठक में दुर्गा पूजा के दौरान विधि-व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था एवं संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी समेत विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों को पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोकने के लिए आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने तथा सतर्कता बरतने का निर्देश दिया गया।
उपायुक्त आलोक कुमार एवं पुलिस अधीक्षक शंभू कुमार सिंह ने सभी से आपसी समन्वय बनाकर शांतिपूर्ण वातावरण में पूजा संपन्न कराने की अपील की। वहीं नाला एसडीपीओ किशोर तिर्की ने भी विधि-व्यवस्था एवं सुरक्षा को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में प्रशासन की ओर से आम लोगों एवं पूजा समितियों से शांति, आपसी भाईचारा और सौहार्द बनाए रखने तथा किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान नहीं देने की अपील की गई।