धनबाद में कोयला कारोबारी दीपक शर्मा को घर में लगी गोली, हालत नाजुक; ICU में भर्ती

धनबाद में कोयला कारोबारी दीपक शर्मा को घर में लगी गोली, हालत नाजुक; ICU में भर्ती

धनबाद: सरायढेला थाना क्षेत्र के कार्मिक नगर स्थित मोती नगर में शुक्रवार सुबह प्रसिद्ध कोयला कारोबारी दीपक शर्मा संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद परिजन और स्थानीय लोग उन्हें तत्काल इलाज के लिए अशर्फी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए ICU में भर्ती कर लिया।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

जानकारी के अनुसार, गोली दीपक शर्मा के गले के निचले हिस्से में जाकर फंस गई है। घटना में काफी रक्तस्राव हुआ है, जिसके कारण उनकी स्थिति बेहद नाजुक बनी हुई है। विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही है और आगे के उपचार एवं संभावित ऑपरेशन की तैयारी की जा रही है।

सुबह करीब चार बजे घर के अंदर हुई घटना

सरायढेला थाना प्रभारी मंजीत कुमार के अनुसार, घटना शुक्रवार सुबह करीब चार बजे की है और गोली कारोबारी के घर के अंदर ही लगी। शुरुआती जांच में गोली गलती से या किसी कारणवश खुद से चलने की संभावना से भी पुलिस इनकार नहीं कर रही है। हालांकि, घटना की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है।

पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही गोली चलने के वास्तविक कारण का खुलासा हो सकेगा।

बयान देने की स्थिति में नहीं दीपक शर्मा

गंभीर रूप से घायल दीपक शर्मा फिलहाल बयान देने की स्थिति में नहीं हैं। वहीं, घटना से स्तब्ध परिजनों से भी पुलिस की औपचारिक पूछताछ नहीं हो सकी है।

पुलिस टीम ने घटनास्थल को अपने नियंत्रण में लेकर जांच शुरू कर दी है। मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और घटना के सभी संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है।

फिलहाल पुलिस की जांच और चिकित्सकों की निगरानी के बीच दीपक शर्मा की स्थिति पर सभी की नजर बनी हुई है।

About Author

error: Content is protected !!