धनबाद में आग ने खोली अवैध गुटखा कारोबार की पोल, ट्रांसफार्मर में शॉर्ट सर्किट से जला कंटेनर, लाखों का माल राख

धनबाद में आग ने खोली अवैध गुटखा कारोबार की पोल, ट्रांसफार्मर में शॉर्ट सर्किट से जला कंटेनर, लाखों का माल राख

धनबाद: शहर के बिशुनपुर बस्ती में शुक्रवार तड़के हुए अग्निकांड ने अवैध गुटखा कारोबार की बड़ी परत खोल दी। बिजली के ट्रांसफार्मर में हुए शॉर्ट सर्किट से निकली चिंगारी ने पास खड़े एक ट्रेलर कंटेनर को अपनी चपेट में ले लिया। देखते ही देखते कंटेनर धू-धू कर जलने लगा, जिसमें रखा लाखों रुपये मूल्य का ‘डायरेक्टर’ ब्रांड का गुटखा जलकर राख हो गया।

आग लगने के दौरान कंटेनर में मौजूद चालक और खलासी गंभीर रूप से झुलस गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर दमकल और एंबुलेंस की टीम मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया और दोनों घायलों को इलाज के लिए एसएनएमएमसीएच (SNMMCH) भेजा गया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

प्रारंभिक जांच में पता चला है कि कंटेनर देर रात माल अनलोड करने के लिए यहां पहुंचा था। हैरानी की बात यह है कि घनी आबादी के बीच महीनों से अवैध गुटखे का गोदाम संचालित हो रहा था, लेकिन इसकी भनक पुलिस और प्रशासन को नहीं लगी। आग की इस घटना ने पूरे अवैध नेटवर्क को उजागर कर दिया।

फिलहाल धनबाद थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर गोदाम संचालक और अवैध गुटखा कारोबार से जुड़े लोगों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस अवैध कारोबार में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

About Author

error: Content is protected !!