धनबाद में आग ने खोला अवैध गुटखा कारोबार का राज, लाखों का माल बरामद, गोदाम सील

धनबाद: बिशुनपुर स्थित रजवार बस्ती में शुक्रवार सुबह ट्रांसफार्मर के पास खड़े गुटखा से लदे एक कंटेनर में अचानक आग लगने से कथित अवैध गुटखा कारोबार का खुलासा हो गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार शॉर्ट सर्किट के कारण लगी आग में कंटेनर का चालक और खलासी झुलस गए। दोनों को इलाज के लिए शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (SNMMCH) में भर्ती कराया गया है।

आग लगने की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग बुझाने के दौरान कंटेनर में डायरेक्टर पान मसाला कंपनी का भारी मात्रा में गुटखा मिला। सूत्रों के अनुसार कंटेनर में लाखों रुपये का गुटखा लोड था।

घटना के बाद गोदाम में कथित तौर पर अवैध रूप से गुटखे का भंडारण किए जाने की बात सामने आई। गोदाम मालिक ने बताया कि उसने यह गोदाम सचिन चौरसिया नामक व्यक्ति को किराये पर दिया था।

मामले की जानकारी मिलते ही जिला खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी डॉ. राजा कुमार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और गोदाम को तत्काल सील कर दिया। विभाग ने जांच के लिए गुटखे के नमूने एकत्र किए हैं, जबकि शेष सामग्री को पुलिस ने जब्त कर थाने में सुरक्षित रखा है।
डॉ. राजा कुमार ने बताया कि गोदाम संचालक सचिन चौरसिया से संपर्क करने का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन उसका मोबाइल बंद है और वह जांच में सहयोग नहीं कर रहा है। उन्होंने कहा कि इसी कारण गोदाम को सील किया गया है तथा जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटा है। आग की इस घटना ने शहर में कथित अवैध गुटखा कारोबार की गतिविधियों पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। जांच पूरी होने के बाद ही मामले की पूरी तस्वीर सामने आएगी।