स्कूल से 1.77 करोड़ रुपये नकद बरामद, सिकल रूम की अलमारी में मिले कंडोम; दो कर्मचारी हिरासत में

कोलकाता/उत्तर 24 परगना : पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के कांचरापाड़ा स्थित एक निजी अंग्रेजी माध्यम स्कूल में पुलिस की छापेमारी के दौरान 1 करोड़ 77 लाख रुपये से अधिक की नकदी बरामद होने से हड़कंप मच गया। बुधवार देर रात शुरू हुई कार्रवाई गुरुवार सुबह तक जारी रही। बरामद रकम इतनी अधिक थी कि नोटों की गिनती के लिए बैंक से तीन मशीनें मंगानी पड़ीं।

छापेमारी के दौरान स्कूल के सिकल रूम (बीमार छात्रों के विश्राम कक्ष) की एक अलमारी से कंडोम के पैकेट भी बरामद किए गए, जिससे मामला और अधिक चर्चा में आ गया। हाल ही में कोलकाता के एक कॉलेज से भी इसी तरह नकदी और अन्य सामग्री मिलने का मामला सामने आया था।

जानकारी के अनुसार, बीजपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक सुदीप्त दास द्वारा शैक्षणिक संस्थानों का डेटा बैंक तैयार करने की प्रक्रिया के दौरान इस स्कूल में वित्तीय अनियमितताओं की आशंका सामने आई थी। इसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की और छापेमारी की कार्रवाई की गई।


मामले को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी शुरू हो गई है। भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया है कि बरामद नकदी स्कूल की नहीं बल्कि तृणमूल कांग्रेस नेताओं का कथित काला धन है, जिसे जांच एजेंसियों की कार्रवाई से बचाने के लिए स्कूल परिसर में छिपाकर रखा गया था।
वहीं स्कूल के प्रिंसिपल विकास चंद्र पाल ने दावा किया कि यह रकम छात्रों के प्रवेश और अन्य शुल्क के रूप में अप्रैल महीने से जमा की गई थी और इसे बैंक में जमा कराया जाना था। हालांकि, सिकल रूम से कंडोम मिलने के सवाल पर उन्होंने किसी भी जानकारी से इनकार किया।
पुलिस ने पूछताछ के दौरान जवाबों में विसंगतियां मिलने पर स्कूल के कैशियर अभीक नाथ और सहायक लेखाकार सायन घोष को हिरासत में लिया है। दोनों से पूछताछ जारी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए स्कूल परिसर में स्थानीय पुलिस के साथ केंद्रीय बलों की भी तैनाती की गई है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि बरामद नकदी का वास्तविक स्रोत क्या है।