धनबाद में गौतस्करी पर कार्रवाई:गौ रक्षा दल के सदस्यों ने मटकुरिया चेकपोस्ट पर वाहन पकड़ाया, एक हिरासत में
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!गौ रक्षा दल की घेराबंदी में मैजिक वाहन पकड़ा गया, एक अन्य वाहन मौके से फरार

धनबाद में गुरुवार को मटकुरिया चेकपोस्ट के पास गौवंश तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई देखने को मिली। गौ रक्षा दल के सदस्यों ने गुप्त सूचना के आधार पर गौवंश से लदे एक मैजिक वाहन को पकड़ लिया। मामले में वाहन समेत एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर बैंक मोड़ थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया है। हालांकि इस दौरान एक अन्य वाहन मौके से फरार होने में सफल रहा।

जानकारी के अनुसार गौ रक्षा दल को सूचना मिली थी कि गोधर चेकपोस्ट की ओर से गौवंश लदे वाहन गुजरने वाले हैं। सूचना मिलते ही दल के सदस्य सक्रिय हो गए और मटकुरिया चेकपोस्ट के पास घेराबंदी शुरू कर दी। इसी दौरान एक मैजिक वाहन को रोककर उसकी तलाशी ली गई, जिसमें एक बछड़ा और एक बैल बरामद किया गया।
गौ रक्षा दल के सदस्य अक्षत पासवान ने बताया कि टीम लगातार गौ तस्करी के खिलाफ अभियान चला रही है। उन्होंने कहा कि सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए वाहन को पकड़ा गया, जबकि दूसरा वाहन अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकला।
वहीं विश्व हिन्दू परिषद के जिला विभाग संपर्क प्रभारी द्वारका प्रसाद तिवारी ने गौ रक्षा दल की कार्रवाई की सराहना की। उन्होंने कहा कि गौवंश हिंदू समाज की आस्था से जुड़ा विषय है और गौ तस्करी रोकने के लिए समाज को एकजुट होकर आगे आने की आवश्यकता है।
इधर बैंक मोड़ थाना पुलिस हिरासत में लिए गए व्यक्ति से पूछताछ कर पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। पुलिस फरार वाहन और उससे जुड़े लोगों की भी तलाश कर रही है।