टुंडी में प्रखंड स्तरीय खरीफ कार्यशाला आयोजित, किसानों को उन्नत बीज व फसल सुरक्षा की दी गई जानकारी

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

टुंडी में शुक्रवार को प्रखंड सभागार में कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग के निर्देशानुसार प्रखंड स्तरीय खरीफ कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। कार्यशाला में प्रखंड के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे किसानों, कृषक मित्रों एवं स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाओं ने भाग लिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए टुंडी बीडीओ विशाल कुमार पांडेय ने कहा कि कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य किसानों को समय पर उन्नत धान बीज उपलब्ध कराना है, ताकि आने वाले खरीफ मौसम में बेहतर उत्पादन हो सके। उन्होंने कहा कि यदि बारिश कम होती है तो वैकल्पिक खेती के रूप में मड़ुआ, अरहर समेत अन्य फसलों की खेती के लिए भी किसानों को हर संभव सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

उन्होंने किसानों को फसल संक्रमण की रोकथाम के लिए दवाइयों के छिड़काव, आधुनिक खेती तकनीक और फसल बीमा योजना की जानकारी भी दी। साथ ही सहकारिता विभाग को किसानों के फसल बीमा को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बीडीओ ने कहा कि आधुनिक दौर में खेती को बढ़ावा देना बेहद जरूरी है और सरकार किसानों की आय बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

वहीं जिला कृषि अनुमंडल पदाधिकारी कंचन कुमारी ने कहा कि सरकार द्वारा किसानों को मिलने वाली सभी सुविधाएं जैसे सब्सिडी पर बीज, खाद एवं कीटनाशक दवाइयां समय पर उपलब्ध कराई जाएंगी।

कार्यशाला में मुख्य रूप से टुंडी प्रमुख मालती मरांडी, प्रखंड कृषि पदाधिकारी बबलेश शाह, प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी ओम प्रकाश दास, एटीएम, बीटीएम, कृषक मित्र, जेएसएलपीएस स्वयं सहायता समूह की महिलाएं एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित थे।

About Author

error: Content is protected !!