झारखंड में नक्सलवाद को बड़ा झटका: 27 हार्डकोर उग्रवादियों ने हथियारों के साथ किया आत्मसमर्पण

कोल्हान, सारंडा और गुमला में सक्रिय इनामी नक्सली मुख्यधारा में लौटे, 17 अत्याधुनिक हथियार बरामद

झारखंड में नक्सल विरोधी अभियान को बड़ी सफलता मिली है। हिंसा का रास्ता छोड़ते हुए कुल 27 हार्डकोर नक्सलियों ने आत्मसमर्पण कर मुख्यधारा में वापसी की है। इनमें कोल्हान एवं सारंडा क्षेत्र में आतंक का पर्याय बने 25 नक्सली तथा गुमला क्षेत्र में सक्रिय 2 उग्रवादी शामिल हैं।
आत्मसमर्पण करने वालों में 6 SZCM, 7 ACM और 14 कैडर स्तर के नक्सली शामिल हैं। झारखंड सरकार की आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास नीति तथा सुरक्षा बलों द्वारा लगातार चलाए जा रहे अभियान का असर अब साफ दिखाई देने लगा है।
नक्सलियों ने आत्मसमर्पण के दौरान कुल 17 अत्याधुनिक हथियार भी जमा किए हैं। इनमें 1 INSAS LMG, 5 INSAS राइफल, 9 SLR, 1 .303 बोल्ट एक्शन रायफल और 1 देसी पिस्टल शामिल है। इसके अलावा 31 मैगजीन, बड़ी संख्या में कारतूस और वॉकी-टॉकी भी बरामद किए गए हैं।
सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार यह आत्मसमर्पण अभियान नक्सल नेटवर्क के कमजोर होने का बड़ा संकेत माना जा रहा है। सरकार ने आत्मसमर्पण करने वाले उग्रवादियों के पुनर्वास और समाज की मुख्यधारा से जोड़ने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।