रामकनाली में अवैध खनन का विरोध करने पहुंची महिलाओं को बम धमाके से डराने की कोशिश, ग्रामीणों ने तस्करों को खदेड़ा।

धनबाद के कतरास स्थित रामकनाली ओपी क्षेत्र में अवैध कोयला खनन को लेकर तनाव बढ़ गया है। झिंझिपहाड़ी पंचायत की मुखिया प्रेमलता कुमारी के नेतृत्व में बुधवार को सैकड़ों ग्रामीण केशलपुर स्थित 3 सीम इलाके में चल रहे अवैध खनन को बंद कराने पहुंचे। आरोप है कि इस दौरान कोयला तस्करों ने ग्रामीणों और महिलाओं को डराने के लिए बम फोड़ा। हालांकि धमाके के बावजूद ग्रामीण पीछे नहीं हटे और विरोध जारी रखा।

ग्रामीणों के मुताबिक, केशलपुर बिजली घर के सामने 2 सीम क्षेत्र में कथित कोयला तस्कर अशोक यादव समेत अन्य लोगों के साथ मुखिया प्रतिनिधि गणेश महतो और ग्रामीणों की तीखी बहस हुई। आरोप है कि तस्करों ने कहा कि “सब सिस्टम से चल रहा है” और विरोध करने पर अंजाम भुगतने की धमकी दी। इसके बाद ग्रामीण उग्र हो गए और कथित तस्करों को मौके से खदेड़ दिया।
स्थानीय लोगों ने बताया कि इलाके में आधा दर्जन से अधिक अवैध मुहानों से बड़े पैमाने पर कोयला निकाला जा रहा है और बाहर हजारों बोरी कोयला जमा किया गया है।
सूचना के बावजूद नहीं पहुंची पुलिस, ग्रामीणों में आक्रोश
मुखिया प्रेमलता कुमारी ने आरोप लगाया कि घटना की जानकारी तत्काल रामकनाली ओपी प्रभारी को फोन पर दी गई, लेकिन पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। उन्होंने यह भी दावा किया कि एक दिन पहले अवैध खनन रोकने की मांग करने पर पुलिस की ओर से कहा गया था कि “क्या पुलिस का काम सिर्फ अवैध खनन बंद कराना रह गया है।”
हालांकि इस मामले में रामकनाली पुलिस का आधिकारिक पक्ष सामने नहीं आ सका है।
थाने में ग्रामीणों से अभद्रता का आरोप
अवैध खनन बंद कराने की मांग को लेकर जब प्रेमलता कुमारी, गणेश महतो, जमुआटांड़ पंचायत के मुखिया निरंजन गोप, भाजपा नेत्री कंचन चौरसिया समेत सैकड़ों ग्रामीण रामकनाली ओपी पहुंचे, तब वहां मौजूद सिविल ड्रेस में पुलिसकर्मियों पर ग्रामीणों से अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगा।
ग्रामीणों का कहना है कि पुलिसकर्मियों ने महिलाओं और पुरुषों को फटकार लगाते हुए थाने से बाहर जाने को कहा, जिसके बाद थाने परिसर में ही लोगों ने “गुंडागर्दी नहीं चलेगी” और “हाय-हाय” के नारे लगाए।
“हजारों लोगों की जान खतरे में” – गणेश महतो
मुखिया प्रतिनिधि गणेश महतो ने कहा कि केशलपुर में हो रहे अवैध खनन से बस्ती के नीचे की जमीन लगातार खोखली होती जा रही है। इससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि विरोध करने पर तस्करों ने बम फोड़कर दहशत फैलाने की कोशिश की। मामले को लेकर रामकनाली पुलिस को लिखित शिकायत दी गई है।