तेटुलमारी : अवैध कोयला मुहानों को बंद कराने की मांग को लेकर महिलाओं ने किया सड़क जाम
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!धनबाद जिले के तेतुलमारी थाना क्षेत्र अंतर्गत वेस्ट मुदिडीह हरिजन बस्ती में अवैध कोयला मुहानों को बंद कराने की मांग को लेकर सैकड़ों महिलाओं ने सिजुआ-राजगंज मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। चिलचिलाती धूप में सड़क पर बैठकर महिलाओं ने विरोध प्रदर्शन किया, जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया।
प्रदर्शन कर रही महिलाओं का आरोप था कि इलाके में चल रहे अवैध कोयला मुहानों के कारण लगातार खतरा बना हुआ है। उन्होंने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई करते हुए सभी अवैध मुहानों को बंद कराने की मांग की।
सड़क जाम की सूचना मिलते ही तेतुलमारी थाना प्रभारी, बाघमारा पुलिस अनुमंडलाधिकारी तथा सर्किल इंस्पेक्टर मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने महिलाओं से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। काफी समझाने-बुझाने के बाद महिलाओं ने जाम समाप्त किया, जिसके बाद आवागमन सामान्य हो सका।
मौके पर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा और पुलिस बल तैनात कर स्थिति को नियंत्रित किया गया।