आसनसोल में बड़ी कार्रवाई, TMC श्रमिक नेता राजू अहलुवालिया गिरफ्तार

कट मनी वसूली के आरोप से मचा हड़कंप, आरोपी ने बताया राजनीतिक साजिश

आसनसोल : पश्चिम बंगाल के आसनसोल में कट मनी और अवैध वसूली के खिलाफ चल रहे अभियान के बीच एक बड़ी कार्रवाई सामने आई है। आसनसोल साउथ थाना पुलिस ने तृणमूल कांग्रेस (TMC) के श्रमिक नेता राजू अहलुवालिया को गिरफ्तार कर लिया है। उन पर बस, ऑटो और टोटो स्टैंड से अवैध रूप से “कट मनी” वसूलने का गंभीर आरोप लगाया गया है।
पुलिस के अनुसार, लंबे समय से परिवहन स्टैंडों से अवैध वसूली की शिकायतें मिल रही थीं। शिकायतों के आधार पर जांच शुरू की गई, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी को आसनसोल जिला अदालत में पेश किया, जहां से आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू की गई।
मामले को लेकर पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच अभी जारी है और जांच में जो भी तथ्य एवं साक्ष्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, गिरफ्तार किए गए TMC श्रमिक नेता राजू अहलुवालिया ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। उन्होंने इसे राजनीतिक साजिश बताते हुए कहा कि उन्हें जानबूझकर झूठे मामले में फंसाया गया है।
राजू अहलुवालिया ने कहा कि वह खुद कट मनी और अवैध वसूली के खिलाफ आवाज उठाते रहे हैं। उन्होंने न्यायपालिका पर भरोसा जताते हुए कहा कि अदालत जो भी फैसला देगी, वह उसे स्वीकार करेंगे।
इस गिरफ्तारी के बाद आसनसोल की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। विपक्ष इसे भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई बता रहा है, जबकि तृणमूल समर्थकों का कहना है कि मामले को राजनीतिक रंग देकर बदनाम करने की कोशिश की जा रही है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और आने वाले दिनों में इस मामले में और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।