वासेपुर में गैंगस्टर प्रिंस खान के घर कुर्की-जप्ती, बैंक मोड़ थाना और भूली ओपी की संयुक्त कार्रवाई
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
धनबाद : धनबाद के वासेपुर इलाके में शुक्रवार को गैंगस्टर प्रिंस खान के घर पुलिस ने कुर्की-जप्ती की बड़ी कार्रवाई की। यह कार्रवाई बैंक मोड़ थाना और भूली ओपी पुलिस की संयुक्त टीम ने धनबाद न्यायालय के आदेश पर की। कार्रवाई के दौरान इलाके में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा और पूरे परिसर की तलाशी ली गई।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, प्रिंस खान लंबे समय से फरार चल रहा है। उसके खिलाफ हत्या, रंगदारी, धमकी, फायरिंग और संगठित अपराध से जुड़े कई मामले विभिन्न थानों में दर्ज हैं। कोर्ट में लगातार अनुपस्थित रहने के कारण न्यायालय ने उसके खिलाफ कुर्की-जप्ती का आदेश जारी किया था।
जानकारी के मुताबिक, पुलिस पहले भी कई बार प्रिंस खान के ठिकानों पर छापेमारी और कुर्की-जप्ती की कार्रवाई कर चुकी है, लेकिन अब तक वह पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। जांच एजेंसियों का दावा है कि वह फिलहाल पाकिस्तान में छिपकर अपने नेटवर्क का संचालन कर रहा है।
पुलिस ने बताया कि प्रिंस खान गिरोह के खिलाफ लगातार अभियान जारी है। उसके करीबी सहयोगियों और गुर्गों पर भी शिकंजा कसा जा रहा है। हाल के दिनों में गिरोह से जुड़े कई लोगों की गिरफ्तारी हुई है, जबकि कई संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है।